Delhi Crime News: दिल्ली के संगम विहार से रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है. आरोप है कि 22 साल से पति के साथ रह रही मंजू उर्फ नाजिया ने अपने प्रेमी चमन के साथ मिलकर पति मुन्ना लाल की हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में लूटपाट और मारपीट की झूठी कहानी भी तैयार की गई, लेकिन जांच आगे बढ़ते ही पूरा मामला खुल गया.
बेटा कांवड़ यात्रा पर गया, घर में अकेले थे दंपती
पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय मुन्ना लाल का बेटा कांवड़ यात्रा पर गया हुआ था. घर में मुन्ना लाल और उनकी पत्नी मंजू ही मौजूद थे. इसी दौरान मंजू ने कथित तौर पर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. 10 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि संगम विहार में एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मुन्ना लाल को मृत पाया और उनके शरीर पर चोटों के कई निशान मिले.
लूट की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
शुरुआत में मंजू ने पुलिस के सामने रोते हुए दावा किया कि रात में घर में चोर घुस आए थे. उसके मुताबिक, लुटेरों ने विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट की और उनकी हत्या कर दी. हालांकि, घटनास्थल की स्थिति और शुरुआती जांच में पुलिस को इस कहानी में कई ऐसे पहलू नजर आए, जिनसे शक गहराने लगा. इसके बाद फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं.
नींद की गोलियां देकर प्रेमी को बुलाने का आरोप
जांच में सामने आया कि मंजू ने कथित तौर पर पहले मुन्ना लाल को खाने या दूध में नींद की गोलियां दी थीं. पति के बेसुध होने के बाद उसने अपने प्रेमी चमन को घर बुलाया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मुन्ना लाल के साथ मारपीट की, रस्सी से उनका गला दबाया और उनकी मौत सुनिश्चित करने के लिए बिजली का करंट भी दिया. पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया, ताकि घटना चोरी और लूट की वारदात जैसी दिखाई दे.
पांच लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की कथित डील
पुलिस जांच में यह भी आरोप सामने आया कि मंजू ने अपने प्रेमी चमन से पति की हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने का वादा किया था. पुलिस के मुताबिक, चमन को कथित तौर पर 20 हजार रुपये अग्रिम भी दिए गए थे. चमन ने इस साजिश में अपने दोस्त किशन को भी शामिल किया. पुलिस की पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए, जिसके बाद कथित हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ.
पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मंजू उर्फ नाजिया, उसके कथित प्रेमी चमन और चमन के साथी किशन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर लूट की कहानी बनाकर जांच को भटकाने की कोशिश की गई थी, लेकिन फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के बाद साजिश का पर्दाफाश हो गया. 22 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के इस खौफनाक अंत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में सिरफिरे आशिक का खौफनाक कांड, प्रेमिका के पति को उतारा मौत के घाट, गंडासे से किए 17 वार