Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय युवक ने अपनी गारमेंट्स की दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी. मौत से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. राहुल ने कहा, “मैं झाड़ू लगाता था, बर्तन धोता था, फिर भी मेरी पत्नी मुझे पीटती थी. ससुराल वाले मुझे प्रताड़ित करते थे.”
दो साल पहले की थी प्रेम विवाह
मृतक राहुल बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था. उसने करीब चार महीने पहले अपनी गारमेंट्स की दुकान शुरू की थी. परिजनों के मुताबिक राहुल ने दो वर्ष पहले ज्योति से प्रेम विवाह किया था. परिवार की इच्छा के खिलाफ हुई इस शादी के बाद शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे वैवाहिक जीवन में तनाव बढ़ने लगा.
परिजनों ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप
राहुल के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसकी पत्नी नहीं चाहती थी कि वह अपने माता-पिता के साथ रहे, जिसके चलते राहुल अलग रहने लगा. परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे और कई बार मामला मारपीट तक पहुंच जाता था. राहुल के भाई अमित के अनुसार, पत्नी ने उसके खिलाफ मारपीट का मामला भी दर्ज कराया था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक दबाव में था.
मौत से पहले सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
आत्महत्या से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए. वीडियो सामने आने के बाद परिजन तुरंत दुकान पहुंचे. परिवार का कहना है कि उन्होंने दुकान का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक राहुल फंदे से लटका हुआ मिला.
आठ लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने पर फरीदाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. राहुल के पिता की शिकायत के आधार पर पत्नी ज्योति सहित ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: हरियाणा-राजस्थान के बीच 32 साल पुराना विवाद खत्म, अमित शाह की मौजूदगी में हुआ ऐतिहासिक समझौता