हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक परिवार ने एक मशहूर कंपनी की चॉकलेट में जिंदा कीड़ा और उसके अंडे मिलने का दावा किया है. यह घटना सोमवार की बताई जा रही है.
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने कहा है कि अगर शिकायत सही पाई जाती है, तो मामले की गंभीर जांच की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि ऐसी चीजों को बाजार में बिकने नहीं दिया जाएगा और गड़बड़ी मिलने पर निर्माता और सप्लायर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
मई 2026 तक थी एक्सपायरी डेट
परिवार का कहना है कि जिस चॉकलेट में कीड़ा मिला, उसकी एक्सपायरी डेट मई 2026 लिखी हुई थी. पैकेट पर कोड नंबर भी दर्ज था. परिवार ने साफ किया है कि वे इस मामले में कंपनी के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर सदर इलाके के मंडी मनवा गांव के रहने वाले रमेश चंद कौंडल ने स्थानीय दुकान से पांच रुपये की चॉकलेट खरीदी थी. जब उन्होंने यह चॉकलेट अपने बेटे शिवा को देने के लिए खोली, तो अंदर जिंदा कीड़ा नजर आया, जिसके आसपास अंडे भी दिखाई दिए.
खाने से पहले दिख गई गड़बड़ी
रमेश चंद कौंडल ने बताया कि बच्चे के चॉकलेट खाने से पहले ही उनकी नजर उस पर पड़ गई. उन्होंने आशंका जताई कि अगर बच्चा यह चॉकलेट खा लेता, तो उसकी सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था. उन्होंने कहा कि एक्सपायरी डेट ठीक होने के बावजूद इस तरह की गंदगी मिलना कंपनी के क्वालिटी कंट्रोल पर सवाल खड़े करता है. कौंडल ने चॉकलेट को सुरक्षित रख लिया है और अब वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे.
ये भी पढ़ें: वैश्विक तनाव के बीच भारत की रफ्तार बरकरार, इस एजेंसी ने इंडियन इकॉनोमी को बताया नंबर 1