Facebook Like Button Removed: सोशल मीडिया की दुनिया में एक समय था जब फेसबुक का नीला अंगूठा हर जगह नजर आता था — किसी ब्लॉग पर, किसी न्यूज़ साइट पर या किसी ब्रांड की वेबसाइट पर. लेकिन अब वो दौर खत्म होने वाला है. मेटा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि 10 फरवरी 2026 से फेसबुक के लाइक और कमेंट बटन बाहरी वेबसाइटों से हटने वाले हैं.
अगर आप सोच रहे हैं कि ये बदलाव फेसबुक ऐप या वेबसाइट पर होगा, तो ऐसा नहीं है. चिंता की बात नहीं — फेसबुक के अपने प्लेटफॉर्म पर लाइक बटन पहले की तरह रहेगा. फर्क सिर्फ इतना होगा कि अब यह बटन अन्य वेबसाइटों पर नहीं दिखेगा.
2009 में शुरू हुआ था ‘लाइक’ का सफर
फेसबुक ने 2009 में ‘लाइक बटन’ लॉन्च किया था. शुरुआत में इसे बाहरी वेबसाइटों के लिए बनाया गया था ताकि यूजर्स बिना फेसबुक खोले किसी भी लेख, वीडियो या ब्लॉग पोस्ट को लाइक कर सकें.उदाहरण के तौर पर, जब आप किसी न्यूज़ वेबसाइट पर कोई खबर पढ़ते थे और नीचे एक छोटा सा नीला अंगूठा देखते थे, तो वह फेसबुक का ‘लाइक बटन’ होता था.
उस पर क्लिक करते ही वह खबर आपके फेसबुक प्रोफाइल से जुड़ जाती थी, और आपके दोस्तों को पता चल जाता था कि आपने क्या पसंद किया.
ये बटन इतनी लोकप्रियता हासिल कर गया कि लाखों वेबसाइटों ने इसे अपने पेज पर जोड़ लिया. समय के साथ यह सिर्फ एक बटन नहीं, बल्कि डिजिटल अप्रूवल का प्रतीक बन गया “आपको कुछ पसंद है? तो लाइक करिए.”
अब क्यों हटाए जा रहे हैं फेसबुक के बटन?
मेटा ने अपने बयान में कहा है कि वह अब अपनी तकनीक को सरल, सुरक्षित और आधुनिक बनाना चाहता है.पिछले एक दशक में इंटरनेट का माहौल बहुत बदल गया है.अब डेटा प्राइवेसी कानून सख्त हो चुके हैं, और लोग फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म को सीधे ऐप के माध्यम से इस्तेमाल करते हैं. इस वजह से वेबसाइटों पर लगे पुराने फेसबुक प्लगइन्स का इस्तेमाल लगभग न के बराबर रह गया है.मेटा का कहना है कि ये टूल्स अब पुराने हो चुके हैं, और कंपनी अपनी ऊर्जा नए फीचर्स और सुरक्षित यूज़र अनुभव पर केंद्रित करना चाहती है.
क्या इससे वेबसाइटों पर असर पड़ेगा?
मेटा ने साफ किया है कि इस बदलाव से किसी भी वेबसाइट को कोई तकनीकी नुकसान नहीं होगा.जब ये बटन 10 फरवरी 2026 से हटाए जाएंगे, तो वे सिर्फ दिखाई देना बंद हो जाएंगे वेबसाइट क्रैश नहीं होगी, न ही कोई एरर दिखेगा.डेवलपर्स को फिलहाल किसी बदलाव की जरूरत नहीं है, लेकिन मेटा ने सलाह दी है कि पुराने फेसबुक कोड्स को हटा दें, ताकि वेबसाइट की लोडिंग स्पीड और प्रदर्शन बेहतर बना रहे.
अब ‘लाइक’ कहां रहेगा?
यह ध्यान देने योग्य है कि फेसबुक का लाइक बटन पूरी तरह से गायब नहीं हो रहा.यह फेसबुक के ऐप और वेबसाइट (facebook.com) पर पहले की तरह मौजूद रहेगा.यूजर्स वहां पोस्ट, फोटो और वीडियो को लाइक कर सकेंगे, कमेंट कर सकेंगे और शेयर भी कर पाएंगे. बस फर्क इतना होगा कि यह इंटरएक्शन अब केवल फेसबुक के अपने प्लेटफॉर्म तक सीमित रहेगा, बाहर की वेबसाइटों पर नहीं.
सोशल मीडिया के नए युग की तैयारी
टेक विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला मेटा के भविष्य की रणनीति की झलक है. कंपनी अब बाहरी टूल्स की बजाय अपने प्लेटफॉर्म के भीतर इकोसिस्टम मजबूत करने पर ध्यान दे रही है — जैसे Threads, Reels और AI आधारित फीचर्स.मेटा मानता है कि सोशल मीडिया के यूज़र अब सीधे प्लेटफॉर्म के भीतर ही जुड़ना पसंद करते हैं, न कि किसी तीसरी वेबसाइट के जरिए.
यह भी पढ़ें: BSNL का सम्मान प्लान; 1812 रुपये में 1 साल की कॉलिंग और डेटा का उठाएं फायदा, जल्दी करें, सिर्फ 7 दिन बाकी