फिल्म निर्माता सुनील नारंग की बेटी सिमरन नारंग की शादी का रिसेप्शन हाल ही में हैदराबाद में आयोजित किया गया, जिसमें टॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए. इस समारोह की सबसे खास बात यह रही कि यहां एक्स कपल सामंथा रुथ प्रभु और नागा चैतन्य भी पहुंचे, लेकिन दोनों अपने-अपने पार्टनर्स के साथ नजर आए. इस इवेंट से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
रिसेप्शन में दोनों की मौजूदगी
इस खास मौके पर सामंथा रुथ प्रभु अपने पति राज निदिमोरु के साथ पहुंचीं. सामंथा पूरे समय काफी खुश और कॉन्फिडेंट नजर आईं. उन्होंने पर्पल और गोल्डन रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें उनका लुक बेहद आकर्षक लग रहा था. वायरल हो रहे एक वीडियो में वह पैपराज़ी को पोज देती दिखाई दीं और उनकी मुस्कान ने फैंस का ध्यान खींच लिया.
वहीं दूसरी ओर नागा चैतन्य अपनी पत्नी शोभिता धुलिपाला के साथ रिसेप्शन में शामिल हुए. इस दौरान नागा चैतन्य फॉर्मल सूट में नजर आए, जबकि शोभिता ने ब्लू और पिंक साड़ी पहनकर अपनी एलिगेंट स्टाइल से सबका ध्यान खींचा. रिसेप्शन में एंट्री से पहले नागार्जुन और अमला अक्किनेनी ने भी पैपराज़ी के सामने पोज दिए. इसके बाद नागा चैतन्य और शोभिता ने भी साथ में तस्वीरें क्लिक कराईं.
क्या हुआ आमना-सामना?
हालांकि, इस इवेंट से सामंथा और नागा चैतन्य की किसी सीधी मुलाकात की तस्वीर या वीडियो सामने नहीं आई है, लेकिन फैंस के बीच इसको लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है. सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार यह सवाल कर रहे हैं कि क्या दोनों का आमना-सामना हुआ या नहीं. कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि दोनों अब अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और खुश नजर आ रहे हैं.
रिश्ते की कहानी और अलगाव
गौरतलब है कि सामंथा और नागा चैतन्य की पहली मुलाकात साल 2010 में फिल्म ये माया चेसावे के दौरान हुई थी. साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया. इसके बाद जनवरी 2017 में सगाई और अक्टूबर 2017 में गोवा में दोनों ने धूमधाम से शादी की.
हालांकि, शादी के कुछ साल बाद उनके रिश्ते में दूरियां आ गईं और साल 2021 में दोनों ने अलग होने का फैसला लिया. इसके बाद नागा चैतन्य ने साल 2024 में शोभिता धुलिपाला के साथ शादी कर ली, जबकि सामंथा रुथ प्रभु ने दिसंबर 2025 में राज निदिमोरु के साथ नया जीवन शुरू किया.
ये भी पढ़ें- Bhooth Bangla: भूत बंगला पर नहीं पड़ा नई फिल्मों का असर, तीसरे शनिवार भी हुई मालामाल, कितनी हुई कमाई?