Bhoot Bangla: भूत बंगला इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों को खूब पसंद आ रही है. अक्षय कुमार स्टारर यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म रिलीज के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने अपने पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है और कमाई के मामले में भी शानदार आंकड़े दर्ज किए हैं.
फिल्म ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में भी अच्छा कारोबार किया है. रिलीज के छठे दिन ही इसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था, जो किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है.
सातवें दिन कमाई में हल्की गिरावट के संकेत
आज फिल्म के ओपनिंग वीक का आखिरी दिन है. ऐसे में ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक सातवें दिन कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि यह गिरावट ज्यादा बड़ी नहीं मानी जा रही है.
एडवांस बुकिंग के आंकड़े बताते हैं कि फिल्म सातवें दिन भी 6 से 6.5 करोड़ रुपये के आसपास कमाई कर सकती है. यह एक सामान्य गिरावट है, जो लगभग हर फिल्म में पहले हफ्ते के अंत में देखने को मिलती है.
एडवांस बुकिंग में दिखा अच्छा रिस्पॉन्स
सातवें दिन के लिए एडवांस बुकिंग भी ठीक-ठाक रही है. फिल्म ने पहले शो शुरू होने से पहले ही करीब 1.17 लाख टिकट बेच लिए. इससे साफ है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर अभी भी अच्छा उत्साह बना हुआ है.
कमाई की बात करें तो एडवांस बुकिंग से ही फिल्म ने करीब 2.41 करोड़ रुपये (ग्रॉस) कमा लिए. वहीं नेट कलेक्शन के हिसाब से यह लगभग 2.05 करोड़ रुपये बैठता है. हालांकि यह छठे दिन की कमाई से थोड़ा कम है, लेकिन फिर भी इसे स्थिर प्रदर्शन माना जा रहा है.
शो की संख्या में आई कमी
इस फिल्म के शो की संख्या में भी कमी देखी गई है. पहले जहां फिल्म के करीब 12,370 शो चल रहे थे, वहीं अब यह घटकर लगभग 11,700 रह गए हैं. यानी करीब 600 से ज्यादा शो कम कर दिए गए हैं.
इसकी बड़ी वजह हॉलीवुड की नई फिल्म Michael की एंट्री मानी जा रही है. यह फिल्म आज शाम से पेड प्रीव्यू के जरिए सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है और कल से पूरी तरह रिलीज होगी. ऐसे में स्क्रीन शेयरिंग के कारण ‘भूत बंगला’ के शो कम किए गए हैं.
टिकट की कीमत और दर्शकों की भीड़
फिल्म के टिकट की औसत कीमत करीब 200 रुपये बताई जा रही है. प्री-सेल्स और थिएटर पर टिकट खरीदने वाले दर्शकों को मिलाकर उम्मीद है कि सातवें दिन भी सिनेमाघरों में अच्छी भीड़ देखने को मिलेगी.
पहले हफ्ते की कुल कमाई पर नजर
अगर फिल्म की कुल कमाई की बात करें, तो ‘भूत बंगला’ पहले हफ्ते में 90 करोड़ रुपये (नेट) से ज्यादा कमाने की ओर बढ़ रही है. यह किसी भी फिल्म के लिए मजबूत शुरुआत मानी जाती है.
अब फिल्म का अगला लक्ष्य 120 करोड़ नेट का आंकड़ा पार करना है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म इस टारगेट तक आसानी से पहुंच सकती है, क्योंकि फिलहाल बॉलीवुड की कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है.
ये भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर 'भूत बंगला' का जलवा बरकरार, छठे दिन इतनी हुई कमाई; जानें कब 100 करोड़ी क्लब में होगी शामिल