Badshah Isha Rikhi Marriage: मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है. उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियोज हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई हैं. पिछले कुछ समय से बादशाह की शादी को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. अब अचानक एक महिला, पूनम रिखी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी के कई वीडियोज और तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों में बादशाह की दुल्हन का नाम ईशा रिखी है. दोनों ने बेहद करीबी परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में शादी की है.
यह बादशाह की दूसरी शादी है. इससे पहले, 2012 में उन्होंने जैसमीन मसीह से शादी की थी, लेकिन 2020 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया. अब छह साल बाद, बादशाह ने दूसरी बार शादी करके अपना घर बसा लिया है. हालांकि, बादशाह ने इस शादी की खबर की पुष्टि नहीं की है और अपने सोशल मीडिया पर इस बारे में कोई पोस्ट नहीं किया है.
गुपचुप तरीके से हुई शादी
बादशाह ने पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल ईशा रिखी को अपना जीवनसाथी चुना है. दोनों ने अपनी शादी बहुत सादगी से की, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों ने शिरकत की. एक वीडियो में दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वे शादी की रस्में पूरी करते दिखाई दे रहे हैं.
ईशा रिखी की मां और बहन ने भी इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें शेयर की और नए जोड़े को बधाई दी. इस खास मौके पर बादशाह ने सिंपल लुक में चूड़ीदार पजामा और कुर्ता पहना था, जबकि उनकी दुल्हन ईशा रिखी ने लाल रंग का सूट पहना था.
ईशा रिखी कौन हैं?
ईशा रिखी पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल हैं. उन्होंने अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत पंजाबी फिल्म 'जट्ट बॉयज पुट जट्टान डे' से की थी, जिसमें उन्होंने सिप्पी गिल के साथ काम किया था. इसके बाद, उन्होंने पंजाबी फिल्म 'हैप्पी गो लकी' में भी काम किया, जो अमरिंदर गिल की फिल्म थी. इसके अलावा, वह 2014 और 2015 में 'मेरे यार कमीने' और 'व्हाट द जाट' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और ईशा रिखी सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. उनकी डेटिंग की खबरें 2022 में सामने आई थीं. कहा जाता है कि दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी, लेकिन उन्होंने कभी अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात नहीं की थी. अब शादी की तस्वीरों ने सभी को हैरान कर दिया है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: RCB को लगा बड़ा झटका, इस गेंदबाज को पूरे सीजन से होना पड़ा बाहर; जानें कारण