दक्षिण-पश्चिम आइसलैंड में एक महीने पहले जो ज्वालामुखी फटा था, अब वह कहीं से भी धरती को फाड़ रहा है. वहां से लावा निकलने लगा है. दो साल के अंदर यह पांचवी बार है जब यहां धरती फटी है. इस बार ग्रिंडाविक कस्बे में दो दरारे आईं हैं. इसके बाद उन दरारों में से लावा निकलने लगा.
ये दरारे कस्बे से करीब 450 मीटर की दूरी पर बनी थी. इसने कस्बे के अंदर 100 मीटर तक मौजूद हर चीज को जला दिया. जिसमें तीन घर पूरी तरह से जलकर खाक हो चुके हैं. लावा बहने की खबर जैसे ही स्थानीय प्रशासन को मिली उन्होंने तुरंत लोगों को कस्बे से बाहर निकाल लिया गया.
आइसलैंड के लिए इमरजेंसी
आइसलैंड के राष्ट्रपति गुओनी जोहानेसन ने कहा कि जब भी जरूरत होगी हम एकसाथ खड़े हैं. यह ऐसी घटना है जिसे हम रोक नहीं सकते. लेकिन उससे बचाव का प्रयास पूरी तरह से कर रहे हैं. किसी भी नागरिक की जान को खतरे में नहीं डाला जाएगा.
हैरान कर रहा है ज्वालामुखी
आइसलैंड के मौसम विभाग ने कहा है कि यह ज्वालामुखी लगातार हमें हैरान कर रहा है. कभी लगता है कि यह धीमा हो रहा है. शांत हो रहा है. फिर अचानक से नई दरार आ जाती है.
आइसलैंड सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी ने ज्वालामुखी का अलर्ट लेवल बढ़ाकर तीसरा कर दिया है. यह उच्चतम स्तर है. इसका मतलब है इमरजेंसी. यह बताता है कि यह ज्वालामुखी अब किसी भी समय लोगों, संपत्तियों, समुदाय या पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है. 2021 से अब तक रेकजेन्स प्रायद्वीप में यह पांचवां विस्फोट है.