El Nino: प्रशांत महासागर में तेजी से मजबूत हो रहा अल नीनो दुनिया के लिए बड़ी चिंता बनता जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों को आशंका है कि यह मार्च 2027 तक सक्रिय रह सकता है. अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के मुताबिक, मौजूदा अल नीनो 2027 की पहली तिमाही तक मजबूत या बेहद मजबूत स्थिति में रह सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह 1950 के बाद दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली अल नीनो बन सकता है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. अक्टूबर से अब तक समुद्र के पश्चिमी हिस्से में तापमान में सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 1950 के दशक से इस तरह के आंकड़े रिकॉर्ड किए जा रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी बढ़ोतरी पहले नहीं देखी गई.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अक्टूबर-दिसंबर और नवंबर-जनवरी के दौरान बेहद शक्तिशाली अल नीनो बनने की संभावना करीब 60 प्रतिशत है. इस स्थिति में समुद्र का तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा बढ़ सकता है. अगर यह अनुमान सही साबित होता है तो दुनिया को पिछले 76 सालों के सबसे गंभीर अल नीनो का सामना करना पड़ सकता है.
क्या है अल नीनो और क्यों बढ़ती है इसकी चिंता?
अल नीनो प्रशांत महासागर में होने वाली एक प्राकृतिक मौसमी प्रक्रिया है. इसमें भूमध्यरेखीय क्षेत्र के समुद्र का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है. इसका असर केवल समुद्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दुनिया के कई देशों के मौसम पर पड़ता है.
अल नीनो के कारण कहीं सामान्य से ज्यादा बारिश और बाढ़ आ सकती है, तो कहीं लंबे समय तक सूखे की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा भीषण गर्मी, जंगलों में आग और मौसम से जुड़ी दूसरी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा भी बढ़ जाता है.
इसका असर खेती, पानी की उपलब्धता और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ सकता है. यही वजह है कि वैज्ञानिक इसकी बढ़ती ताकत पर लगातार नजर रख रहे हैं.
अल नीनो, ला नीना और न्यूट्रल में क्या है अंतर?
अल नीनो, अल नीनो-सदर्न ऑसिलेशन (ENSO) की तीन प्रमुख स्थितियों में से एक है. इसकी दूसरी दो स्थितियां ला नीना और ईएनएसओ न्यूट्रल हैं.
अल नीनो के दौरान प्रशांत महासागर का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म होता है, जबकि ला नीना में समुद्र का तापमान सामान्य से नीचे चला जाता है. वहीं, न्यूट्रल स्थिति में तापमान में कोई असामान्य बदलाव नहीं होता.
वैज्ञानिक अल नीनो की स्थिति का पता लगाने के लिए प्रशांत महासागर के नीनो 3.4 क्षेत्र में समुद्र की सतह के तापमान पर नजर रखते हैं. इसके लिए रिलेटिव ओशन नीनो इंडेक्स (RONI) का इस्तेमाल किया जाता है. जब तीन महीने का औसत तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाता है, तो अल नीनो की स्थिति मानी जाती है.
WMO भी दे चुका है अल नीनो को लेकर चेतावनी
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने भी अक्टूबर में प्रशांत महासागर के बढ़ते तापमान को लेकर चिंता जताई थी. संगठन ने चेतावनी दी थी कि समुद्र का तापमान सामान्य स्तर से काफी ऊपर जा सकता है.
अब NOAA के ताजा अनुमान ने मौसम वैज्ञानिकों की चिंता और बढ़ा दी है. आशंका है कि अल नीनो का असर 2027 की शुरुआत तक बना रह सकता है. अगर यह बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचता है तो दुनिया के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी, सूखा, बाढ़ और जंगलों में आग जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं.
आने वाले महीनों में इसका असर किस देश में कितना होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि अल नीनो कितना मजबूत होता है और कितने समय तक सक्रिय रहता है. फिलहाल वैज्ञानिक इस मौसमी बदलाव पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का नया प्लान, LoC के पास 80 लॉन्चपैड तैयार; भारत में घुसपैठ की तैयारी