Eggless French Toast: सुबह-सुबह ऑफिस, स्कूल और दूसरे कामों की भागदौड़ में नाश्ता बनाने के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाता. ऐसे में हर कोई ऐसी रेसिपी चाहता है, जो झटपट तैयार हो जाए और स्वाद में भी शानदार हो. अगर आप रोजाना पोहा, पराठा और सैंडविच खाकर बोर हो गए हैं, तो एगलेस फ्रेंच टोस्ट ट्राई कर सकते हैं. पारंपरिक फ्रेंच टोस्ट अंडे से बनाया जाता है, लेकिन इस वेजिटेरियन रेसिपी में अंडे की जरूरत नहीं पड़ती.
एगलेस फ्रेंच टोस्ट बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है. इसे बनाने के लिए दूध, कस्टर्ड पाउडर और ब्रेड जैसी सामान्य चीजों की जरूरत होती है. आप चाहें तो इसमें दालचीनी और चीनी मिलाकर इसका स्वाद और बढ़ा सकते हैं. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
एगलेस फ्रेंच टोस्ट बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए 4-5 ब्रेड स्लाइस, 1 कप दूध, 2-3 बड़े चम्मच कस्टर्ड पाउडर, 2 बड़े चम्मच पिसी हुई चीनी, एक चुटकी दालचीनी पाउडर और सेंकने के लिए मक्खन लें. आप मल्टीग्रेन, ब्राउन या होल व्हीट ब्रेड का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
अंडे की जगह इस्तेमाल कर सकते हैं ये चीजें
अगर आप कस्टर्ड पाउडर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो अंडे की जगह दूसरे विकल्प भी आजमा सकते हैं. दूध में थोड़ा मैदा या कॉर्नस्टार्च मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार किया जा सकता है. वहीं, मैश किया हुआ पका केला दूध के साथ मिलाने पर प्राकृतिक मिठास देता है. नमकीन स्वाद पसंद करने वालों के लिए बेसन या ओट्स पाउडर भी एक विकल्प है. इनसे तैयार घोल में ब्रेड डुबोकर टोस्ट बनाया जा सकता है.
एगलेस फ्रेंच टोस्ट बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले तैयार करें घोल: एक कटोरे में एक कप दूध डालें. इसमें कस्टर्ड पाउडर, पिसी हुई चीनी और एक चुटकी दालचीनी पाउडर मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह फेंटें, ताकि घोल में कोई गांठ न रह जाए.
2. ब्रेड स्लाइस को घोल में डुबोएं: अब ब्रेड के स्लाइस लें और उन्हें तैयार घोल में दोनों तरफ से हल्का डुबोएं. ध्यान रखें कि ब्रेड को ज्यादा देर तक घोल में न रखें, वरना वह बहुत नरम होकर टूट सकती है.
3. तवे पर सुनहरा होने तक सेंकें: एक तवा या नॉनस्टिक पैन गर्म करें और उसमें थोड़ा मक्खन डालें. अब घोल में डुबोई हुई ब्रेड को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.
4. टॉपिंग डालकर करें सर्व: तैयार फ्रेंच टोस्ट को प्लेट में निकालें. इसके ऊपर शहद या मेपल सिरप डाल सकते हैं. चाहें तो कटे हुए फल भी मिलाएं. आपका स्वादिष्ट एगलेस फ्रेंच टोस्ट नाश्ते के लिए तैयार है.
बच्चों से लेकर बड़ों तक को आएगा पसंद
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और अंडा न खाने वाले लोग भी इसका स्वाद ले सकते हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें मिठास कम या ज्यादा रख सकते हैं. सुबह के नाश्ते में इसे दूध या ताजे फलों के साथ परोसना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
यह भी पढ़ें: कैल्शियम से भरपूर रागी से बनाएं कर्नाटक की ये पारंपरिक डिश, आसान है रेसिपी