Gold Price: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में हलचल तेज हो गई है. अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले और उसके बाद इजरायल की मिसाइल कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र को युद्ध जैसे हालात में ला खड़ा किया है. इसके जवाब में ईरान ने भी पलटवार किया है, जिससे जियो-पॉलिटिकल तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. ऐसे हालात में निवेशकों का रुख सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ता है, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर देखने को मिलता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे ही बाजार खुलेगा, सोना और चांदी तेजी के साथ ऊपर जा सकते हैं. अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के समय निवेशक जोखिम भरे एसेट्स से दूरी बनाकर गोल्ड और सिल्वर जैसे सुरक्षित विकल्पों में पैसा लगाते हैं. यही वजह है कि मौजूदा हालात में इनकी कीमतों में तेज उछाल की संभावना जताई जा रही है.
सोने की कीमतों में बड़ा उछाल संभव
कमोडिटी बाजार के जानकारों के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में सोने की कीमतों में करीब 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है. केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने गोल्ड के लिए नया ट्रिगर पैदा किया है. उनके मुताबिक, आने वाले दिनों में सोने का भाव लगभग 1.85 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है, जो मौजूदा स्तर से करीब 23 हजार रुपये अधिक होगा.
वहीं, कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता का अनुमान है कि बाजार खुलते ही सोने की कीमतों में लगभग 10 फीसदी तक उछाल आ सकता है और यह 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकता है.
चांदी भी दिखा सकती है तेज रफ्तार
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिल सकती है. अजय केडिया के अनुसार, चांदी का भाव 3.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकता है. दूसरी ओर, अनुज गुप्ता का कहना है कि चांदी की कीमत 2.90 लाख से 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बीच रह सकती है, जो मौजूदा स्तर से 20 से 40 हजार रुपये ज्यादा है. बाजार विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा खिंचता है, तो चांदी और सोने दोनों में और अधिक तेजी देखने को मिल सकती है.
युद्ध की बयानबाजी का भी असर
अमेरिकी नेतृत्व की ओर से ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाने की बात और ईरान द्वारा यूएई स्थित अमेरिकी एयरबेस पर हमले ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. इस तरह की घटनाएं बाजार में अनिश्चितता को बढ़ाती हैं, जिससे कीमती धातुओं की मांग और बढ़ जाती है.
मौजूदा बाजार भाव क्या कहते हैं?
वर्तमान में देश के वायदा बाजार में सोने की कीमत 2,395 रुपये की तेजी के साथ 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई. इससे पहले 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच चुका है.
वहीं चांदी की बात करें तो इसमें भी जोरदार तेजी दर्ज की गई. शुक्रवार को चांदी 14,691 रुपये की बढ़त के साथ 2,82,644 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई. हालांकि, इससे पहले चांदी 4.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है.
ये भी पढ़ें- गर्भवती महिलाओं को मोदी सरकार का तोहफा, 5000 रुपये की मिलेगी मदद; ऐसे करें आवेदन