DUSU Election Results 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव (DUSU चुनाव) के नतीजे आ गए हैं और इस बार छात्र राजनीति में एक बार फिर से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अपनी पकड़ मजबूत की है. हालांकि, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन NSUI ने जीत दर्ज कर अपनी अलग पहचान बनाई है. आइए विस्तार से जानें इस चुनाव के परिणाम और प्रमुख विजेताओं के बारे में.
आर्यन मान बने नए प्रेसिडेंट
DUSU अध्यक्ष पद के लिए ABVP के उम्मीदवार आर्यन मान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने विरोधी NSUI की जोशलीन नंदिता चौधरी को भारी मतों के अंतर से मात दी. आर्यन मान को कुल 28,841 वोट मिले, जबकि जोशलीन को 12,645 मत ही मिले. इस जीत से ABVP ने छात्र संघ में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है.
NSUI के राहुल झांसला मारी बाजी
जबकि अध्यक्ष पद पर ABVP की जीत रही, उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने बाजी मारी. राहुल झांसला को कुल 29,339 वोट मिले, जो ABVP के गोविंद तंवर के 20,547 वोटों से अधिक हैं. इस जीत के बाद NSUI समर्थक कैंपस में जश्न मनाते दिखे.
ABVP का दबदबा कायम
सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर भी ABVP के उम्मीदवारों ने बाजी मारी है. सचिव पद पर कुणाल चौधरी को 23,779 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी NSUI के कबीर को 16,117 वोट मिले. संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP की दीपिका झा ने NSUI के लवकुश भड़ाना को कड़ी टक्कर दी, और 21,825 वोट लेकर जीत हासिल की.
2.75 लाख से अधिक छात्रों ने किया मतदान
इस साल डूसू चुनाव के लिए 50 से अधिक सहयोगी कॉलेजों के लगभग 2.75 लाख छात्रों ने मताधिकार का प्रयोग किया. कुल 195 बूथों और 52 केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के जरिए मतदान हुआ. इस बार मतदान प्रतिशत 39.45% रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ा है. चार प्रमुख पदों के लिए कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें से नौ अध्यक्ष पद के लिए और बारह अन्य पदों के लिए चुनाव लड़ रहे थे.
ये भी पढ़ें: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, दिल्ली पुलिस ने दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार