आजकल स्मार्टफोन कंपनियां हर महीने नए सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करती रहती हैं, जो आपके डिवाइस की परफॉर्मेंस, सिक्योरिटी और फीचर्स को बेहतर बनाने के लिए होते हैं. हालांकि, अपडेट करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है इसे सही तरीके से करना. क्योंकि अगर आप कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं तो आपका डिवाइस स्लो, हैंग या डेटा लॉस जैसी समस्याओं का सामना कर सकता है. इसलिए, अगर आप अपने फोन को अपडेट करने जा रहे हैं, तो इन बारीकियों का ध्यान जरूर रखें.
कम बैटरी पर अपडेट न करें
फोन को अपडेट करने से पहले, यह जरूरी है कि आपका फोन कम से कम 50-60% चार्ज हो या फिर आप उसे चार्जर से कनेक्ट करके अपडेट करें. अगर आप कम बैटरी पर अपडेट करते हैं और अपडेट के दौरान आपका फोन बंद हो जाता है, तो सिस्टम क्रैश हो सकता है और आपका फोन हैंग हो सकता है, जिससे आपको परेशानी हो सकती है. इसलिए हमेशा यह सुनिश्चित करें कि आपके पास पर्याप्त बैटरी हो.
खराब इंटरनेट कनेक्शन से बचें
सॉफ़्टवेयर अपडेट के दौरान, इंटरनेट कनेक्शन का स्टेबल होना बेहद जरूरी है. कई बार सिक्योरिटी पैच का साइज छोटा होता है, लेकिन जब सॉफ्टवेयर अपडेट का साइज बड़ा होता है, तो स्लो या अनस्टेबल इंटरनेट कनेक्शन की वजह से डाउनलोड में समस्या हो सकती है. अगर डाउनलोड पूरा नहीं हुआ तो इंस्टॉलेशन में भी परेशानी हो सकती है. इसलिए, सुनिश्चित करें कि आपका इंटरनेट कनेक्शन तेज और स्थिर हो.
डेटा बैकअप लेना न भूलें
बहुत से लोग डेटा बैकअप लेना जरूरी नहीं समझते, और बिना बैकअप के सॉफ़्टवेयर अपडेट करते हैं. लेकिन ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है. कभी-कभी अपडेट के दौरान फोन रीसेट हो जाता है या डेटा डिलीट हो सकता है. ऐसे में आपकी फोटो, वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण फाइल्स खो सकती हैं. इसलिए अपडेट से पहले हमेशा डेटा बैकअप लें ताकि कोई भी फाइल खोने का डर न हो.
स्टोरेज को साफ रखें
अगर आपके डिवाइस में स्टोरेज भर चुका है, तो इसका सीधा असर आपके फोन के अपडेट पर पड़ सकता है. अपडेट के लिए फोन को कुछ खाली जगह चाहिए होती है. अगर फोन में जगह नहीं है, तो अपडेट इंस्टॉल नहीं हो पाएगा और आपकी डिवाइस स्लो भी हो सकता है. इसलिए, अपडेट करने से पहले अपनी फोन की स्टोरेज साफ करें, अनावश्यक फाइल्स और ऐप्स को डिलीट करें ताकि आपके पास पर्याप्त जगह हो.
अपडेट के दौरान फोन का न करें यूज
जब आप फोन को अपडेट कर रहे हों, तो कोशिश करें कि फोन को छोड़ दें. कई लोग अपडेट के दौरान फोन चलाने लगते हैं या फिर अलग-अलग ऐप्स खोलते हैं. इससे इंस्टॉलेशन प्रोसेस में रुकावट आ सकती है, और अपडेट पूरा नहीं हो सकता. इसलिए, बेहतर है कि आप फोन को अपडेट होने तक शांतिपूर्ण छोड़ दें, ताकि इंस्टॉलेशन बिना किसी रुकावट के पूरा हो सके.
ये भी पढ़ें: WhatsApp पर स्कैम और फ्रॉड की चिंता खत्म, जानें कैसे ये सिक्योरिटी टूल्स करेंगे मदद