डीके शिवकुमार के सिर सजेगा कर्नाटक का ताज, कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए, इस दिन लेंगे शपथ

Karnataka New Chief Minister: कर्नाटक की राजनीति में पिछले कई महीनों से चल रही अटकलों और चर्चाओं पर आखिरकार विराम लग गया है. कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य में सत्ता परिवर्तन को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का रास्ता साफ कर दिया है.

DK Shivakumar will be New Chief Minister of Karnataka
Image Source: ANI

Karnataka New Chief Minister: कर्नाटक की राजनीति में पिछले कई महीनों से चल रही अटकलों और चर्चाओं पर आखिरकार विराम लग गया है. कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य में सत्ता परिवर्तन को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का रास्ता साफ कर दिया है. शनिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया. इसके साथ ही यह तय हो गया कि डीके शिवकुमार 3 जून को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

सिद्धारमैया ने रखा प्रस्ताव, सर्वसम्मति से मिली मंजूरी

सीएलपी बैठक के दौरान निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्वयं डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे वरिष्ठ नेता डॉ. जी. परमेश्वर ने समर्थन दिया. बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए शिवकुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया. इसके बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक घोषणा की कि डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है. 

"यह कांग्रेस पार्टी के लिए एक गर्व का पल"

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, कांग्रेस आलाकमान ने कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का सुझाव दिया. सिद्धारमैया जी ने विधायक दल के नए नेता के रूप में डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा. डॉ जी परमेश्वर ने इसका समर्थन किया. CLP ने सिद्धारमैया द्वारा प्रस्तावित नाम को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया. मैं गर्व के साथ यह घोषणा करना चाहता हूं कि विधायक दल ने सर्वसम्मति से डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना है.

केसी वेणुगोपाल ने कहा- हर किसी को लगा था कि यह बदलाव कांग्रेस पार्टी के लिए एक समस्या बन जाएगा. हर किसी ने यही सोचा था. हम एक परिवार हैं, एक बहुत बड़ा परिवार. कांग्रेस विधायक दल ने पिछले आठ सालों में मुख्यमंत्री के तौर पर सिद्धारमैया की सेवाओं को सर्वसम्मति से सराहा है. यह प्रस्ताव किसी और ने नहीं, बल्कि खुद डीके शिवकुमार ने पेश किया था. उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए उन्हें बधाई देते हुए एक प्रस्ताव पेश किया. यह कांग्रेस पार्टी के लिए एक गर्व का पल है. 2028 में, कांग्रेस सभी नेताओं के समर्थन से कर्नाटक में फिर से सत्ता में लौटेगी.

ये भी पढ़ें: हैंड ग्रेनेड से लेकर रोबोटिक व्हेकिल तक... दिल्ली से गिरफ्तार आंतकियों के पास से मिले खतरनाक हथियार, VIDEO