Mumbai Local Train: मुंबई की चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन में एक यात्री पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पश्चिम रेलवे ने घटना के बाद की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी साझा की है.
बताया गया है कि 23 जून की रात ट्रेन में सफर कर रहे 22 वर्षीय मयंक लोहार और एक अन्य यात्री के बीच बहस हो गई थी. भारी बारिश के दौरान ट्रेन के कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. यह घटना अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में हुई.
विवाद के दौरान हुआ हमला
रेलवे के अनुसार, बहस बढ़ने पर आरोपी ने मयंक लोहार के पेट में चाकू मार दिया. हमले में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए. रात 11:04 बजे ट्रेन बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची. बताया गया कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला.
तुरंत हरकत में आई रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी की टीम तुरंत सक्रिय हो गई. पश्चिम रेलवे के मुताबिक, ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर सुरक्षा कर्मी संबंधित कोच तक पहुंच गए और घायल यात्री को सहायता दी. इसके बाद मेडिकल टीम और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे, ताकि घायल को जल्द से जल्द इलाज मिल सके.
घायल यात्री को पहुंचाया गया अस्पताल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्ट्रेचर और मेडिकल सहायता की व्यवस्था तुरंत की गई. घायल यात्री को प्राथमिक मदद देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया.
आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं. मामले की जांच जारी है और आरोपी की पहचान करने के लिए उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है.
रेलवे ने जारी की कार्रवाई की जानकारी
पश्चिम रेलवे का कहना है कि घटना के बाद सभी संबंधित विभागों ने मिलकर तेजी से कार्रवाई की. रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और मेडिकल टीम के समन्वय से घायल यात्री को समय पर सहायता और इलाज उपलब्ध कराया गया.
ये भी पढ़ें- अपनी अय्याशी के लिए... केतन के पिता ने सिया गोयल को लेकर किए कई खुलासे, जानें क्या कहा