डिजिटल दुनिया में लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यूट्यूब अब अपने प्लेटफॉर्म को और भी इंटरेक्टिव बनाने की तैयारी कर रहा है. अभी तक किसी वीडियो को शेयर करने के लिए यूजर्स को व्हाट्सऐप, टेलीग्राम या अन्य चैटिंग ऐप्स की जरूरत पड़ती थी, लेकिन जल्द ही यह आदत बदल सकती है.
गूगल एक ऐसे फीचर का परीक्षण कर रही है, जिससे आप सीधे यूट्यूब पर ही दूसरे यूजर को मैसेज भेज सकेंगे. इसका सीधा मतलब यह है कि वीडियो शेयर करने का तरीका अब पहले से कहीं आसान होने वाला है, और यूजर्स को प्लेटफॉर्म बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
किन देशों में शुरू हुई शुरुआती टेस्टिंग
कंपनी ने अपने सपोर्ट पेज पर पुष्टि की है कि नई मैसेजिंग सुविधा फिलहाल सीमित स्तर पर टेस्ट की जा रही है. शुरुआती चरण में यह फीचर पोलैंड और आयरलैंड के चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है. टेस्टिंग सफल रहने पर इसे अन्य देशों तक भी धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा. क्योंकि साल का अंत नजदीक है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह सुविधा अगले वर्ष ग्लोबली रोल आउट की जाएगी, जिससे दुनिया भर के यूजर्स वीडियो शेयरिंग का बिल्कुल नया अनुभव ले सकेंगे.
मैसेजिंग पर होंगी कड़ी निगरानियां
हालांकि यह सुविधा काफी आकर्षक लगती है, लेकिन यूट्यूब इसे लेकर सख्त नियम भी लागू करेगा. प्लेटफॉर्म पर भेजे गए मैसेज को कंपनी की पॉलिसी के आधार पर स्कैन किया जा सकेगा. ऐसे मैसेज जो यूट्यूब की गाइडलाइंस का उल्लंघन करेंगे, उन्हें ब्लॉक किया जाएगा. इससे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित और जिम्मेदार संवाद सुनिश्चित होगा.
Ask फीचर भी बदल देगा देखने का अनुभव
यूट्यूब सिर्फ मैसेजिंग तक सीमित नहीं है. कंपनी एक और नए फीचर Ask का भी परीक्षण कर रही है. यह फीचर वीडियो देखने को पहले से ज्यादा स्मार्ट और इंटरैक्टिव बना देगा. Ask फीचर की मदद से यूजर वीडियो से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे, उसकी समरी जान सकेंगे, वीडियो कंटेंट के आधार पर तैयार क्विज भी खेल सकेंगे. यह सुविधा सीखने और समझने की प्रक्रिया को और आसान बनाती है, खासकर उन यूजर्स के लिए जो वीडियो कंटेंट से जल्दी जानकारी हासिल करना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुआ 32MP सेल्फी कैमरे वाला धांसू फोन, कई जबरदस्त फीचर्स से है लैस, इतनी है कीमत