IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनकी एक शानदार शॉट ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. कॉमेंट्री कर रहे दिनेश कार्तिक भी इस शॉट को देखकर इतने प्रभावित हुए कि उन्हें भगवान शिव के नटराज रूप की याद आ गई. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आर्चर की तेज गेंद पर खेला शानदार शॉट
भारत की पारी के सातवें ओवर में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी करने आए. उस समय टीम इंडिया बिना विकेट खोए 32 रन बना चुकी थी. रोहित शर्मा 15 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर खेल रहे थे.
आर्चर ने करीब 144 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली. रोहित ने इस गेंद पर शानदार शॉर्ट आर्म पुल शॉट खेला. शॉट लगाने के बाद उनका बैलेंस और पोज ऐसा था कि वह भगवान शिव के नटराज रूप जैसा दिखाई दिया.
दिनेश कार्तिक ने स्टुअर्ट ब्रॉड को दिखाई तस्वीर
रोहित का यह शॉट देखकर दिनेश कार्तिक काफी खुश नजर आए. उन्होंने अपना मोबाइल निकाला और साथ बैठे पूर्व इंग्लैंड क्रिकेटर स्टुअर्ट ब्रॉड को भगवान शिव के नटराज रूप की तस्वीर दिखाई.
Dinesh Karthik showing Lord Shiva's iconic Nataraj frame after watching Rohit Sharma's shot against Jofra Archer during first ODI match 👏🏻 pic.twitter.com/48MScbTZoA
— Ajay Jadeja (@AjayJadeja171) July 14, 2026
इसके बाद रीप्ले में रोहित का शॉट दिखाते हुए कार्तिक ने कहा कि यह बिल्कुल 'नटराज शॉट' जैसा लग रहा है. यह पल कैमरे में कैद हो गया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है.
रोहित से थी बड़ी पारी की उम्मीद
हालांकि इस मैच में रोहित शर्मा ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके. उन्होंने 21 गेंदों में 11 रन बनाए. उनके बल्ले से सिर्फ एक चौका निकला और इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने उन्हें आउट कर दिया.
अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली सीरीज में रोहित ने 48 और 79 रन की अच्छी पारियां खेली थीं. ऐसे में टीम को इंग्लैंड के खिलाफ भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी. अब सीरीज के बाकी दो मैचों में सभी की नजर उनके प्रदर्शन पर रहेगी.
भारत ने 6 विकेट से जीता पहला वनडे
अगर मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 259 रन बनाए. टीम की ओर से जो रूट ने 76 और लियम डॉसन ने 68 रन की अहम पारी खेली.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही. शुभमन गिल ने 80 रन बनाए, लेकिन चोट के कारण उन्हें रिटायर हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा.
इसके बाद अक्षर पटेल ने 57 और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन की शानदार पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों की मदद से भारत ने 6 विकेट रहते मैच जीत लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: रोहित-कोहली फ्लॉप, फिर भी 6 विकेट से जीता भारत, गिल की कप्तानी पारी ने इंग्लैंड से छीना मैच