Cyber Crime Prevention Tips: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल ने जहां लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, वहीं साइबर अपराधियों को भी पहले से ज्यादा शातिर बना दिया है. अब ठग इतने पेशेवर तरीके से फर्जी कॉल, वीडियो और मैसेज तैयार कर रहे हैं कि आम लोगों के लिए असली और नकली की पहचान करना मुश्किल हो गया है. हर दिन हजारों लोग डिजिटल अरेस्ट, KYC अपडेट और फर्जी बैंक कॉल जैसे जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं. ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है.
Digital Arrest Scam को ऐसे पहचानें
डिजिटल अरेस्ट आज सबसे तेजी से फैलने वाले साइबर फ्रॉड में शामिल हो चुका है. इस ठगी में अपराधी खुद को पुलिस, कस्टम विभाग, सीबीआई या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं और किसी गंभीर अपराध में फंसाने की धमकी देते हैं. कई बार वे नकली पुलिस स्टेशन और वर्दी का इस्तेमाल कर भरोसा भी दिलाने की कोशिश करते हैं.
यह समझना बेहद जरूरी है कि भारत में कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के जरिए किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती और न ही इस माध्यम से आधिकारिक पूछताछ की जाती है. ऐसी किसी भी कॉल पर घबराने के बजाय तुरंत कॉल काटें और इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें.
KYC Scam में भूलकर भी न करें यह गलती
KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी भी तेजी से बढ़ रही है. इसमें साइबर ठग बैंक, मोबाइल कंपनी या डिजिटल वॉलेट सेवा प्रदाता का कर्मचारी बनकर संपर्क करते हैं और खाते, सिम कार्ड या पैन कार्ड की KYC अपडेट करने का दबाव बनाते हैं. कई बार वे अकाउंट बंद होने या सिम ब्लॉक होने का डर दिखाकर लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते हैं. किसी भी स्थिति में फोन कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप लिंक के जरिए KYC प्रक्रिया पूरी न करें. यदि अपडेट की जरूरत हो तो केवल संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप का ही इस्तेमाल करें.
Boss Scam से ऐसे बचें
कॉर्पोरेट सेक्टर में 'बॉस स्कैम' भी तेजी से सामने आ रहा है. इसमें ठग किसी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी का रूप धारण कर कर्मचारियों को व्हाट्सऐप, ईमेल या फोन के जरिए तत्काल पैसे ट्रांसफर करने या गोपनीय दस्तावेज साझा करने का निर्देश देते हैं. ऐसे किसी भी अनुरोध पर कार्रवाई करने से पहले संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क कर उसकी पुष्टि करना बेहद जरूरी है.
इसके अलावा OTP, बैंक डिटेल्स, पासवर्ड, कार्ड नंबर या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें. यदि कोई व्यक्ति धमकी देकर या लालच देकर ऐसी जानकारी मांगता है तो तुरंत बातचीत समाप्त करें और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं. थोड़ी-सी सतर्कता आपको बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है.
ये भी पढ़ें: कम कीमत में लॉन्च हुआ ये धांसू स्मार्टफोन, 8GB रैम और 5000mAh बैटरी से है लैस, पढ़ें सभी डिटेल्स