Dhurandhar 2: धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और चौथे वीकेंड के बाद भी इसकी रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही. 25 दिनों के लंबे रन के बावजूद फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है. खास बात यह है कि फिल्म ने चौथे वीकेंड पर दुनियाभर में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है और ऐसा करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है.
रणवीर सिंह और आदित्य धर की इस फिल्म ने रिलीज के चौथे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती दिखाई है. 25वें दिन भी फिल्म की कमाई इस बात का संकेत देती है कि इसकी डिमांड अभी भी बनी हुई है.
ओवरसीज मार्केट में भी दमदार कमाई
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 25वें दिन ओवरसीज मार्केट में करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके साथ ही फिल्म का कुल विदेशी (ओवरसीज) ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 415.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
वहीं अगर कुल वर्ल्डवाइड कमाई की बात करें तो फिल्म ने 25 दिनों में 1712.98 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा पार कर लिया है.
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक रिकॉर्ड
धुरंधर 2 ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. यह फिल्म बिना गल्फ देशों में रिलीज हुए ही 25 दिनों में 1700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है.
यह उपलब्धि इसे अन्य बड़ी फिल्मों से अलग खड़ा करती है. खासकर पुष्पा 2: द रूल और बाहुबली 2: द कंक्लूजन जैसी पैन-इंडिया फिल्मों से तुलना में यह खास इसलिए बनती है क्योंकि वे मूल रूप से तेलुगु फिल्में थीं, जबकि ‘धुरंधर 2’ का मुख्य आधार हिंदी बाजार रहा है.
हिंदी बाजार ने निभाई बड़ी भूमिका
फिल्म की सफलता में हिंदी भाषी दर्शकों का बड़ा योगदान रहा है. भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 1068.92 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जो इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है.
भारत में 25 दिनों का कलेक्शन
25वें दिन फिल्म ने करीब 14.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1083.67 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1297.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
चौथे वीकेंड पर ‘धुरंधर’ से पीछे रही सीक्वल
हालांकि, जहां धुरंधर 2 ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं, वहीं अपने ही पहले पार्ट धुरंधर के एक रिकॉर्ड को तोड़ने में यह पीछे रह गई.
चौथे वीकेंड में ‘धुरंधर 2’ ने लगभग 35.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि ओरिजिनल फिल्म ‘धुरंधर’ ने अपने चौथे वीकेंड में करीब 58 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.
क्या टूटेगा ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड?
जिस तरह से धुरंधर 2 की कमाई जारी है, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले दिनों में यह पुष्पा 2: द रूल के रिकॉर्ड को भी चुनौती दे सकती है.
ये भी पढ़ें- कच्चे तेल की कीमत में जोरदार उछाल, पहुंचा 100 डॉलर के पार, दिखने लगा US-ईरान बातचीत फेल होने का असर!