Dhurander Box Office Collection: हिंदी सिनेमा के इतिहास में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो सिर्फ हिट नहीं होतीं, बल्कि पूरे फिल्म बिजनेस की परिभाषा ही बदल देती हैं. रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ अब उसी श्रेणी में शामिल हो चुकी है. जिस 800 करोड़ नेट कलेक्शन को बॉलीवुड के लिए कभी लगभग नामुमकिन माना जाने लगा था, उसे ‘धुरंधर’ ने हकीकत में बदल दिया है. यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि अब तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की कोई भी फिल्म इस शिखर को नहीं छू पाई थी.
एक समय था जब 300 या 400 करोड़ क्लब को भी ऐतिहासिक माना जाता था. फिर 700 करोड़ का आंकड़ा आया, लेकिन 800 करोड़ की बात सिर्फ कल्पना लगती थी. जब ‘पुष्पा 2’ के हिंदी वर्जन ने 800 करोड़ का आंकड़ा पार किया, तो लगा कि यह रिकॉर्ड लंबे वक्त तक कायम रहेगा. मगर ‘धुरंधर’ ने उस सोच को पूरी तरह पलट दिया.
पांचवें हफ्ते में भी नहीं थमी रफ्तार
5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर तूफानी सफर तय किया है. फिल्म ने लगातार चार हफ्तों तक डबल डिजिट कलेक्शन बनाए रखा, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. साल के आखिरी दिनों में थोड़ी सुस्ती जरूर दिखी, लेकिन नए साल की शुरुआत ने फिल्म की कमाई को फिर से रफ्तार दे दी. 2026 के दूसरे दिन, जो एक सामान्य वर्किंग डे था, फिल्म पहली बार 10 करोड़ से नीचे आई. यह गिरावट ट्रेड के जानकारों के लिए भी चौंकाने वाली नहीं थी. असली कहानी शुरू हुई शनिवार से, जब सुबह से ही सिनेमाघरों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली. शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को फिल्म ने करीब 12 से 13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो शुक्रवार की तुलना में 30 फीसदी से ज्यादा उछाल है. यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि यह किसी भी हिंदी फिल्म का 30वें दिन का सबसे बड़ा कलेक्शन माना जा रहा है. साथ ही, पांचवें शनिवार को सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड भी अब ‘धुरंधर’ के नाम दर्ज हो चुका है.
800 करोड़ का आंकड़ा पार, इतिहास में नाम दर्ज
शनिवार की कमाई के साथ ‘धुरंधर’ ने अपने 30 दिन पूरे करते-करते 806 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है. इसके साथ ही यह पहली ऐसी बॉलीवुड फिल्म बन गई है, जिसने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ नेट का आंकड़ा पार किया हो.दिलचस्प बात यह है कि ‘पुष्पा 2’ ने भी 800 करोड़ का आंकड़ा 30 दिनों में ही छुआ था, लेकिन वहां शुरुआती हफ्ते की कमाई ‘धुरंधर’ से कहीं ज्यादा थी. पहले सप्ताह में ‘पुष्पा 2’ ने लगभग दोगुना कलेक्शन किया था. इसके बावजूद दोनों फिल्मों का समान दिनों में 800 करोड़ तक पहुंचना बताता है कि मिड-रन और लॉन्ग-रन में ‘धुरंधर’ ने कितना दमदार प्रदर्शन किया है.
क्यों खास है ‘धुरंधर’ की सफलता?
‘पुष्पा 2’ एक सुपरहिट फिल्म का सीक्वल थी, जिसके पास पहले से बना हुआ बड़ा फैनबेस था. वहीं ‘धुरंधर’ एक ऑरिजिनल फिल्म है, जिसका यह पहला पार्ट है.
‘पुष्पा 2’ जहां पारंपरिक मसाला एंटरटेनर थी, वहीं ‘धुरंधर’ ने स्पाई-थ्रिलर जॉनर को नए स्तर पर पहुंचाया है. इसकी कहानी, ट्रीटमेंट और स्केल ने दर्शकों को लंबे समय तक थिएटर्स से जोड़े रखा, जो इसकी रिकॉर्डतोड़ कमाई का सबसे बड़ा कारण बना.
अब अगला लक्ष्य क्या?
30 दिनों के बाद ‘पुष्पा 2’ के हिंदी वर्जन का नेट कलेक्शन लगभग 801 करोड़ रुपये था. इसी समय ‘धुरंधर’ 806 करोड़ के आंकड़े के साथ उससे आगे निकल चुकी है. हालांकि, हिंदी में सबसे ज्यादा नेट कलेक्शन का रिकॉर्ड अभी भी ‘पुष्पा 2’ के पास है, जिसने कुल मिलाकर करीब 830 करोड़ रुपये कमाए थे.अब रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का अगला मिशन साफ है. हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म का ताज वापस बॉलीवुड के नाम करना.ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अगले 2-3 दिनों में यह फिल्म उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है.
यह भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का धमाका, वीकेंड पर जमकर छापे नोट, जानें फिल्म का टोटल कलेक्शन