भाई को बचाने कुंड में कूद गईं तीन बहनें, डूबने से चारों की मौत; धौलपुर में दिल दहलाने वाला हादसा

बिरजा गांव में रविवार तड़के कुंड में नहाने के दौरान 21 वर्षीय रवि उर्फ भोलू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. भाई को बचाने के लिए उसकी दो सगी बहनें मनोरमा और बोटो तथा चचेरी बहन कल्लो भी कुंड में उतर गईं, लेकिन पानी की गहराई में फंसने से चारों की मौत हो गई.

dholpur-brother-sisters-drown-saving-brother-tragic-accident
Image Source: Social Media

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले में रक्षाबंधन के मौके पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. सरमथुरा उपखंड के आंगई थाना क्षेत्र के बिरजा गांव में रविवार तड़के कुंड में नहाने के दौरान 21 वर्षीय रवि उर्फ भोलू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. भाई को बचाने के लिए उसकी दो सगी बहनें मनोरमा और बोटो तथा चचेरी बहन कल्लो भी कुंड में उतर गईं, लेकिन पानी की गहराई में फंसने से चारों की मौत हो गई.

मेले में शामिल होने आया था परिवार

जानकारी के मुताबिक, धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नथुआपुरा मोरोली निवासी रवि शनिवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बिरजा गांव के पास स्थित हीरामन बाबा धाम पर आयोजित मेले में शामिल होने पहुंचा था. रविवार सुबह करीब छह बजे रवि परिवार के साथ पास के कुंड में नहाने गया. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया. उसे डूबता देखकर मनोरमा, बोटो और उनकी चचेरी बहन कल्लो उसे बचाने के लिए पानी में उतर गईं, लेकिन तीनों भी गहरे पानी में चली गईं.

एक को बचाने में चार जिंदगियां खत्म

हादसे की जानकारी मिलते ही आंगई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की मदद से चारों को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान रवि (21), उसकी बहन मनोरमा (22), बोटो (25) और चचेरी बहन कल्लो (18) के रूप में हुई है. सभी नथुआपुरा मोरोली के रहने वाले थे. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सरमथुरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया.

रक्षाबंधन पर पीहर आई थीं दोनों बहनें

परिजनों के मुताबिक, मनोरमा और बोटो रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने ससुराल से पीहर आई थीं और परिवार के साथ हीरामन बाबा धाम पर जात करने गई थीं. लेकिन रविवार सुबह कुंड में नहाने के दौरान हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने चारों शव परिजनों को सौंप दिए. भाई को बचाने की कोशिश में तीन बहनों की जान चले जाने की इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: एक पहिया टिकाया और थम गई सांसें... सेना के पायलटों ने 18,600 फीट पर किया खतरनाक रेस्क्यू