Devuthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी की शाम इन 5 जगहों पर जलाएं दीपक, दूर होगी पैसों की तंगी

हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है.

Devuthani Ekadashi Light lamps in these 5 places For Goddess Lakshmi Blessings
Image Source: AI

Devuthani Ekadashi: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है. इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा करने का भी विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी की शाम घर में दीपक जलाने से सुख-समृद्धि आती है और परिवार पर भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है.

इस बार देवउठनी एकादशी शुक्रवार के दिन पड़ रही है. शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है. ऐसे में इस दिन दीपदान का महत्व और बढ़ जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी की शाम घर के कुछ खास स्थानों पर दीपक जलाना शुभ माना जाता है. इससे घर में सकारात्मकता आती है और आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है. आइए जानते हैं एस्ट्रोलॉजर पिनाकी मिश्रा के अनुसार, इस दिन घर की किन 5 जगहों पर दीपक जलाना चाहिए.

तुलसी के पौधे के पास जलाएं 11 दीपक

देवउठनी एकादशी पर तुलसी पूजा का विशेष महत्व होता है. इस दिन शाम को सूर्यास्त के बाद तुलसी के पौधे के पास गाय के शुद्ध घी के 11 दीपक जलाना शुभ माना जाता है. आप चाहें तो एक चौमुखी दीपक भी जला सकते हैं. दीपक जलाते समय 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें और तुलसी के पौधे की 7 बार परिक्रमा करें. धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से घर में माता लक्ष्मी का वास होता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है. इससे पति-पत्नी के रिश्तों में भी मधुरता आती है.

घर के मुख्य दरवाजे पर जलाएं दीपक

घर का मुख्य दरवाजा माता लक्ष्मी के आगमन का स्थान माना जाता है. इसलिए देवउठनी एकादशी की शाम घर के मुख्य दरवाजे के दोनों ओर एक-एक दीपक जरूर जलाएं. इसके लिए घी या तिल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि दीपक की लौ घर के अंदर या पूर्व दिशा की ओर हो. मान्यता है कि मुख्य द्वार पर दीपक जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और सुख-समृद्धि बनी रहती है.

घर के मंदिर में जलाएं घी का दीपक

देवउठनी एकादशी पर घर के मंदिर में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा जरूर करें. शाम के समय दोनों की प्रतिमा के सामने घी का बड़ा दीपक जलाएं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपक में थोड़ी हल्दी या केसर और एक चुटकी अक्षत डालना शुभ होता है. ऐसा करने से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती और आर्थिक स्थिति बेहतर होने की मान्यता है. इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद पाने के लिए श्रद्धा से पूजा करें.

रसोईघर में भी जलाएं दीपक

हिंदू धर्म में रसोईघर को माता अन्नपूर्णा का स्थान माना जाता है. यहां से परिवार के भोजन और खुशहाली का संबंध होता है. देवउठनी एकादशी की शाम रसोईघर में पीने के पानी के बर्तन के पास घी का एक दीपक जलाएं. धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से घर में अन्न और धन की कमी नहीं होती. साथ ही परिवार पर पितरों का आशीर्वाद बना रहता है.

पीपल या आंवले के पेड़ के नीचे जलाएं दीपक

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पीपल और आंवले के पेड़ का संबंध भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी से माना जाता है. इसलिए देवउठनी एकादशी की शाम इनमें से किसी एक पेड़ के नीचे दीपक जरूर जलाएं. ऐसा करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस उपाय से कर्ज से राहत मिलती है और व्यापार में तरक्की के रास्ते खुलते हैं. इससे जीवन में सुख-समृद्धि आने की भी मान्यता है.

दीपक जलाते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान

देवउठनी एकादशी पर दीपक जलाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा में कलावे की बत्ती का इस्तेमाल करना शुभ होता है.

एकादशी के दिन चावल का सेवन और पूजा में इसका इस्तेमाल वर्जित माना जाता है. इसलिए इस दिन चावल का प्रयोग करने से बचें.

इसके अलावा पूजा में कभी भी टूटे या खंडित मिट्टी के दीपक का इस्तेमाल न करें. हमेशा साफ और सही दीपक ही जलाएं. श्रद्धा और नियम के साथ पूजा करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, ज्योतिष और लोक परंपराओं पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है. इन मान्यताओं की वैज्ञानिक पुष्टि नहीं की गई है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: आज इन 5 राशियों के प्रेम जीवन में बरसेगा प्यार, बिताएंगे रोमांटिक पल, पढ़ें लव राशिफल