Duleep Trophy Final 2026: देवदत्त पडिक्कल इन दिनों जिस फॉर्म में हैं, उसे देखकर गेंदबाजों की चिंता बढ़ना लाजमी है. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब घरेलू क्रिकेट में भी उनके बल्ले की चमक देखने को मिल रही है. दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में साउथ जोन की ओर से खेलते हुए पडिक्कल ने एक बार फिर दमदार पारी खेलकर अपनी शानदार लय को बरकरार रखा. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच खिताबी मुकाबला खेला जा रहा है. मैच के तीसरे दिन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य दिखाते हुए 104 गेंदों पर 62 रन बनाए. उनकी पारी में चार शानदार चौके शामिल रहे.
पडिक्कल ने दो अहम साझेदारियां निभाईं
पडिक्कल ने क्रीज पर आते ही पारी को संभालने की कोशिश की. उन्होंने एन जगदीशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की. इसके बाद शेख रशीद के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े. इन साझेदारियों की बदौलत साउथ जोन की पारी को मजबूती मिली और पडिक्कल लगातार अच्छी लय में नजर आए.
बड़े स्कोर से चूक गए देवदत्त
पडिक्कल की बल्लेबाजी देखकर लग रहा था कि वह अपनी फिफ्टी को बड़ी पारी में तब्दील कर सकते हैं. हालांकि, 36वें ओवर में उनकी पारी का अंत हो गया. तेज गेंदबाज मुकेश कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पडिक्कल अपना विकेट गंवा बैठे. बाउंड्री के पास सब्स्टीट्यूट फील्डर डेनिश दास ने उनका शानदार कैच पकड़ा.
ईशान किशन ने बल्ले से मचाया तहलका
जहां पडिक्कल ने अर्धशतक लगाकर सुर्खियां बटोरीं, वहीं इस मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से पूरी महफिल लूट ली. ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें ईशान किशन की 270 रनों की पारी सबसे बड़ा आकर्षण रही. नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान ने लंबे समय तक क्रीज पर टिककर साउथ जोन के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उनकी इस पारी ने ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के साथ ही रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम दर्ज करा दिया.
ईशान किशन ने बनाया खास रिकॉर्ड
270 रनों की पारी के साथ ईशान किशन दलीप ट्रॉफी के इतिहास में 250 से ज्यादा रन बनाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वह अरुण लाल और सबा करीम के बाद ईस्ट जोन के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है. देवदत्त पडिक्कल की लगातार शानदार फॉर्म और ईशान किशन की ऐतिहासिक पारी ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल को बेहद रोमांचक बना दिया है. दोनों खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित किया है कि घरेलू क्रिकेट में भी टॉप क्लास प्रदर्शन करने वाले सितारों की कोई कमी नहीं है.
ये भी पढ़ें- Ishan Kishan Records: ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी में मचाया तहलका, 270 रन जड़कर 3 रिकॉर्ड किए ध्वस्त