270 kmph की रफ्तार और 2.7 सेकंड में 100 की स्पीड! भारत में लॉन्च हुई BYD की लग्जरी कार Denza Z9 GT

BYD Denza Z9 GT: चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD के लग्जरी कार ब्रांड डेंजा ने भारतीय बाजार में दस्तक दे दी है. कंपनी ने भारत में अपनी दो प्रीमियम कारों Denza D9 और Denza Z9 GT को लॉन्च किया है.

denza-z9-gt-price-features-range-launch-india-2026
Image Source: Internet

BYD Denza Z9 GT: चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD के लग्जरी कार ब्रांड डेंजा ने भारतीय बाजार में दस्तक दे दी है. कंपनी ने भारत में अपनी दो प्रीमियम कारों Denza D9 और Denza Z9 GT को लॉन्च किया है. इनमें से Z9 GT अपने शानदार डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस और हाईटेक फीचर्स को लेकर चर्चा में है. शूटिंग ब्रेक स्टाइल वाली यह कार महज 2.7 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटे बताई गई है. आइए जानते हैं इसकी कीमत, फीचर्स और रेंज से जुड़ी पूरी जानकारी.

कितनी है Denza Z9 GT की कीमत?

Denza Z9 GT को भारतीय बाजार में 1.57 करोड़ रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है. ग्राहक इस लग्जरी कार को 10 लाख रुपये के टोकन अमाउंट के साथ बुक कर सकते हैं. कंपनी इसे BYD के सामान्य डीलरशिप नेटवर्क से अलग Denza डीलरशिप के जरिए बेचेगी. फिलहाल गुरुग्राम, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में डेंजा की डीलरशिप शुरू की गई हैं. कंपनी की योजना भारत में अपने प्रीमियम ब्रांड की अलग पहचान बनाने की है.

स्पोर्टी डिजाइन के साथ मिलेंगे लग्जरी फीचर्स

Denza Z9 GT का डिजाइन शूटिंग ब्रेक स्टाइल में तैयार किया गया है. इसकी स्पोर्टी प्रोफाइल के साथ कार में LED लाइट्स, 21 इंच के टायर, डुअल-टोन अलॉय व्हील्स और येलो ब्रेक कैलिपर्स दिए गए हैं. केबिन में लेदर अपहोल्स्ट्री और फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है.

फीचर्स की बात करें तो इसमें 20 स्पीकर वाला प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और 50W के दो वायरलेस चार्जर दिए गए हैं. कार में डिजिटल ORVMs के साथ एक खास मिनी फ्रिज और हीटर भी मिलता है, जो -6 डिग्री से लेकर 50 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बनाए रख सकता है.

इसकी सीटों में वेंटिलेशन और मसाज जैसे फीचर्स मिलते हैं. साथ ही एक्सटेंडेड लेग रेस्ट की सुविधा भी दी गई है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों को ज्यादा आराम मिल सके.

तीन स्क्रीन वाला हाईटेक केबिन

इस कार में तीन स्क्रीन का सेटअप दिया गया है. इसमें 17.3 इंच की सेंट्रल टचस्क्रीन और 13.2 इंच की पैसेंजर स्क्रीन मिलती है. इसके अलावा ड्राइवर के लिए AR हेड-अप डिस्प्ले और 8-वे पावर्ड सीट भी दी गई है. कार को BYD के e3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें एयर सस्पेंशन और 360 डिग्री कंपास टर्न जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. 360 डिग्री कंपास टर्न की मदद से कार बेहद कम जगह में अपनी दिशा बदल सकती है.

बैटरी, रेंज और चार्जिंग की खासियत

Denza Z9 GT में 122.29kWh की Gen-2 BYD ब्लेड बैटरी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह बैटरी 1,500kW तक का DC इनपुट सपोर्ट कर सकती है. दावा है कि कार को 10 से 97 फीसदी तक चार्ज करने में महज 9 मिनट लगते हैं. बैटरी की बेहतर सेहत को ध्यान में रखते हुए चार्जिंग 97 फीसदी पर रोक दी जाती है.

यह भी पढ़ें: Microsoft Outage: दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप, Outlook और Teams नहीं कर रहे काम, यूजर्स बेहाल