नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड (Weather Update) का प्रकोप जारी है. हांड़ कंपाने ठंड के चलते कई लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच शनिवार को तेज धूप निकलने के चलते तापमान में तीन डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. इस साल जनवरी में पहली बार अधिकतम तापमान 24 डिग्री पर पहुंचा. हालांकि, शीतलहर हवाओं ने ठंड को कम नहीं होने दिया. इस बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
अगले 6 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. सुबह हल्का कोहरा हो सकता है. लेकिन दिन में धूप निकलेगी और ठंड का असर कम होगा. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रह सकता है. वहीं, अगले छह दिनों तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास ही बना रह सकता है. अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा.
कब होगी बारिश?
एक तरफ धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. लेकिन गर्म कपड़े पैक करने की जल्दी में न रहें. 31 जनवरी (बुधवार) और 1 फरवरी (गुरुवार) को फिर से बादल छा सकते हैं. इस दौरान हल्की बारिश (Rain in Delhi) के आसार हैं. तेज हवाएं चलेंगी. इस बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और ठंड की फिर से वापसी होगी. लेकिन 2 फरवरी के बाद मौसम फिर से साफ होने लगेगा.