आज दिल्ली की इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक जाम, पुलिस ने जारी की रूट एडवाइजरी; घर से निकलने से पहले पढ़ें

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मुहर्रम पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को देखते हुए खास इंतजाम किए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी, साथ ही ट्रैफिक को आसानी से चलाने के लिए खास ट्रैफ़िक उपाय भी किए गए हैं.

Delhi Traffic jams expected on these Delhi roads today police issue route advisory
Image Source: Internet

Delhi Traffic Advisory: मुहर्रम के अवसर पर राजधानी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में ताजिया जुलूस निकाले जा रहे हैं. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. कई इलाकों में वाहनों का रूट बदला गया है, जबकि कुछ सड़कों पर पार्किंग पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है. ऐसे में लोगों को यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है.

इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मेहरौली-बदरपुर रोड, पंखा रोड, डाबरी-पालम रोड, जीटीके रोड और नई दिल्ली व सेंट्रल दिल्ली की कई व्यस्त सड़कों पर जुलूस के कारण यातायात प्रभावित रहेगा. दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक जामा मस्जिद, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, पहाड़गंज, झंडेवालान, इंद्रलोक, शास्त्री नगर और बाड़ा हिंदूराव क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रहेगी और जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.

इन मार्गों पर समय के अनुसार रहेगा असर

इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से जखीरा अंडरपास की ओर जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा.

शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, संसद मार्ग, रफी मार्ग, सुनहरी बाग रोड और तुगलक रोड के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा.

वहीं बदरपुर, खानपुर और साकेत के बीच चलने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा. पंखा रोड पर दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और डाबरी-पालम रोड पर दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक सड़क का एक हिस्सा बंद रहेगा.

इसके अलावा शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक आजादपुर चौक से मुकरबा चौक के बीच भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. आजादपुर मंडी जाने वाले ट्रकों को भी इस अवधि में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

नो-पार्किंग नियम का रखें ध्यान

जिन मार्गों से ताजिया जुलूस निकलेगा, वहां किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी. ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहन क्रेन की सहायता से हटाए जाएंगे.

लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह

यात्रियों से अपील की गई है कि वे मेजर आशाराम त्यागी मार्ग और सीलमपुर स्थित जीटी रोड जैसे व्यस्त मार्गों से बचें. यदि संभव हो तो यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों या दिल्ली मेट्रो का उपयोग करें, ताकि जाम से बचा जा सके. हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रूप से आवागमन की अनुमति दी जाएगी और उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी.

यात्रा से पहले करें योजना

यदि आज आपको दिल्ली के प्रभावित इलाकों में जाना है, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें. सही मार्ग का चुनाव करने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अनावश्यक ट्रैफिक जाम से भी बचा जा सकेगा.

ये भी पढ़ें- IPS अधिकारी महेश दीक्षित बने IB के नए चीफ, 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में संभाली थी बड़ी जिम्मेदारी