Delhi: नए साल पर रेखा सरकार ने महिलाओं को दी बड़ी सौगात, मिलेगा पिंक कार्ड; इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत

Delhi Pink Saheli Smart Card: दिल्ली में महिलाओं के लिए बस यात्रा अब और भी आसान होने वाली है. राजधानी में जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना शुरू होने जा रही है, जिसके तहत महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त और अनलिमिटेड सफर कर सकेंगी.

Delhi Rekha gupta big gift to women on New Year they will get pink card documents will be needed
Image Source: ANI/ File

Delhi Pink Saheli Smart Card: दिल्ली में महिलाओं के लिए बस यात्रा अब और भी आसान होने वाली है. राजधानी में जल्द ही पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना शुरू होने जा रही है, जिसके तहत महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त और अनलिमिटेड सफर कर सकेंगी. यह योजना वर्तमान में जारी गुलाबी कागजी टिकटों की जगह लेगी और महिलाओं को बार-बार टिकट लेने की झंझट से छुटकारा देगी. दिल्ली सरकार की योजना के अनुसार, नए साल 2026 की शुरुआत में इस सुविधा का लाभ महिलाओं को मिलना शुरू हो जाएगा.

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के तहत महिलाएं बस में सफर के लिए टिकट लेने की जरूरत नहीं होंगी. बस में बैठने के बाद कार्ड को बस कंडक्टर के पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) में टैप करने पर यात्रा मुफ्त में पूरी होगी. इस सुविधा के साथ महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन का अनुभव सहज और सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है.

कार्ड जारी करने की प्रक्रिया

दिल्ली परिवहन विभाग ने इस योजना के तहत स्मार्ट कार्ड जारी करने के लिए दो पेमेंट बैंकों, एयरटेल पेमेंट बैंक और मफिन पेमेंट बैंक को फाइनल कर दिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि जनवरी के पहले हफ्ते से महिलाओं को ये कार्ड वितरित किए जाएंगे.

आवश्यक दस्तावेज

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए कुछ अहम दस्तावेजों की जरूरत होगी:

  • आधार कार्ड: दिल्ली पते के साथ, पहचान के लिए अनिवार्य.
  • निवास प्रमाण पत्र: दिल्ली की नागरिकता साबित करने के लिए.
  • पहचान पत्र: पैन कार्ड या वोटर आईडी.
  • पासपोर्ट साइज फोटो: डिजिटल अपलोड या काउंटर पर जमा करने के लिए.
  • मोबाइल नंबर: पंजीकरण और ओटीपी वेरिफिकेशन के लिए.

इन दस्तावेजों के जरिए महिलाएं आसानी से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा सकती हैं.

तीन प्रकार के स्मार्ट कार्ड

दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चयनित बैंक बस यात्रियों के लिए तीन तरह के स्मार्ट कार्ड जारी करेंगे:

  • पिंक सहेली कार्ड: केवल दिल्ली की महिलाओं और लड़कियों (12 वर्ष और उससे ऊपर) के लिए.
  • विशेष श्रेणी कार्ड: दिव्यांग, बुजुर्ग, खिलाड़ी, युद्ध विधवाएं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता समेत 12 से अधिक श्रेणियों के बस पास धारकों के लिए.
  • सामान्य स्मार्ट कार्ड: सभी अन्य बस यात्रियों के लिए, मेट्रो कार्ड की तरह, जिसमें फुल KYC के तहत नाम और फोटो दर्ज होगी.

सामान्य स्मार्ट कार्ड के लिए न्यूनतम 120 रुपए का भुगतान करना होगा, और इसके बाद कार्ड को रिचार्ज कर बस यात्रा की जा सकेगी.

महिलाओं के लिए सुरक्षा और सुविधा

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड न केवल महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देगा, बल्कि उनकी सुरक्षा और सुविधा को भी ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है. बार-बार टिकट लेने की प्रक्रिया खत्म होने से भीड़ में खड़े होने की झंझट कम होगी और सार्वजनिक परिवहन महिलाओं के लिए अधिक सहज और सुरक्षित बनेगा.

योजना का महत्व

इस योजना से दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को आसान, सुलभ और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. डिजिटल स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास महिलाओं की रोज़मर्रा की जिंदगी में सरलता और समय की बचत लाएगा. नई शुरुआत के साथ, दिल्ली की महिलाएं जल्द ही बसों में बिना किसी अतिरिक्त चिंता के स्वतंत्र रूप से यात्रा कर पाएंगी.

यह भी पढ़ें- इस कंपनी के शेयर ने 5 साल में दिया 111844% रिटर्न, 1 लाख बन गए 10 करोड़ रुपये; छोटे निवेशकों को बनाया करोड़पति