दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, ठंड की आहट के साथ बढ़ा प्रदूषण

अक्टूबर के मध्य में आते-आते राजधानी दिल्ली और एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. अब न तो बारिश की कोई संभावना है और न ही आसमान में बादल हैं. दिन चटक धूप वाले और रातें हल्की ठंड से भरी होने लगी हैं.

Delhi News Weather Update know air quality index update
Image Source: ANI

अक्टूबर के मध्य में आते-आते राजधानी दिल्ली और एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. अब न तो बारिश की कोई संभावना है और न ही आसमान में बादल हैं. दिन चटक धूप वाले और रातें हल्की ठंड से भरी होने लगी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह-शाम छाई धुंध चिंता बढ़ा सकती है.


मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट बताती है कि रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वातावरण में नमी का स्तर लगभग 60 फीसदी रहेगा, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड का अनुभव होगा. हालांकि, यही नमी जब धुंध के साथ मिलती है, तो सांस लेने में तकलीफ और त्वचा संबंधी समस्याएं सामने आने लगती हैं.

हवा की रफ्तार धीमी, प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ा

वातावरण में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है. हवा की गति बहुत धीमी—महज़ 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास—बनी हुई है, जिससे धूल और धुएं के कण वातावरण में ठहरते जा रहे हैं. इसका सीधा असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पर दिखाई दे रहा है. रविवार को राजधानी का AQI 160 से 200 के बीच रहने का अनुमान है, जो 'मध्यम से खराब' की श्रेणी में आता है.

कोहरे जैसा असर, बढ़ेगी ठंडक का एहसास

सुबह के वक्त राजधानी में हल्के कोहरे जैसा दृश्य नजर आएगा, जिससे दृश्यता में कमी आ सकती है. सूर्योदय सुबह 6:24 बजे और सूर्यास्त शाम 5:48 बजे होगा. ऐसे में सूरज निकलने से पहले और सूरज ढलने के बाद की हवा में ठंडक साफ महसूस की जा सकेगी. यह कोहरा हवा में मौजूद धूल और धुएं के कणों की वजह से बनेगा, जिसे तकनीकी रूप से 'स्मॉग' कहा जाता है.

19 से 21 अक्टूबर तक राहत की उम्मीद नहीं

मौसम विभाग की मानें तो 19 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर में ऐसा ही मौसम बना रहेगा. हल्के कोहरे और ठंडी हवाओं के बीच प्रदूषण का स्तर कम होने की उम्मीद नहीं है. बारिश या किसी तरह की बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है, जिससे वायु की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीदें भी कम हैं.

22 अक्टूबर के बाद मिल सकती है राहत

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 22 अक्टूबर के बाद हल्का सुधार देखने को मिल सकता है. जैसे-जैसे रात का तापमान गिरेगा और दिन छोटे होंगे, वैसे-वैसे ठंड का असर और बढ़ेगा. लेकिन जब तक तेज़ हवाएं या बारिश न हो, तब तक AQI में ज्यादा सुधार की संभावना नजर नहीं आ रही.

यह भी पढ़ें: Delhi Metro Timing: दिवाली से पहले मेट्रो के समय में हुआ बदलाव, जानें पूरा शेड्यूल