दिल्ली में EV पॉलिसी लागू, क्या अब बंद हो जाएंगी पेट्रोल गाड़ियां? CM रेखा गुप्ता ने कर दिया क्लीयर

दिल्ली में प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राजधानी में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी आधिकारिक तौर पर लागू कर दी गई है.

delhi-new-ev-policy-rekha-gupta-clears-petrol-vehicle-ban-rumors
Image Source: ANI

दिल्ली में प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राजधानी में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी आधिकारिक तौर पर लागू कर दी गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस नीति को गजट में अधिसूचित किया जा चुका है, जिसके बाद अब इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर कई तरह के लाभ मिलेंगे. नई व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और छोटे व्यावसायिक वाहनों की खरीद करने वाले उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जाएगी. इतना ही नहीं, 30 लाख रुपये तक की कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क पूरी तरह माफ रहेगा. 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "एक जुलाई, आज दिल्ली की नई ईवी पॉलिसी गजट में नोटिफाई हो चुकी है. इसका क्रियान्वयन भी हो गया है. आज से जो भी EV टू-व्हीलर खरीदेगा, उस पर सरकार 30 हजार रुपये की सब्सिडी देगी. थ्री-व्हीलर पर 50 हजार रुपये की सब्सिडी और N1, यानी जिसे छोटा हाथी कहा जाता है, उस पर सरकार ने 1 लाख रुपये की सब्सिडी देना मंजूर किया है."

"स्क्रैपिंग पर भी सरकार दे रही है इंसेंटिव"

उन्होंने आगे बताया, "30 लाख रुपये से कम कीमत की जितनी भी गाड़ियां हैं, उन पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन टैक्स पूरी तरह माफ है. अगर किसी को अपना पुराना वाहन बदलकर नया वाहन लेना है, तो स्क्रैपिंग पर भी सरकार इंसेंटिव दे रही है. टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और फोर-व्हीलर, सभी पर इंसेंटिव मिलेगा."

"पेट्रोल गाड़ियां नहीं होंगी बंद"

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि नई नीति का मतलब मौजूदा पेट्रोल वाहनों पर रोक लगाना नहीं है. उन्होंने कहा, "बहुत सारे लोग यह कह रहे हैं कि पेट्रोल के वाहन बंद हो जाएंगे. नहीं, यदि आपके पास पेट्रोल वाहन है, तो उसकी जितनी भी समय-सीमा है, आप उसे बिना किसी रोक-टोक के चला सकते हैं."

"2027 और 2028 से लागू होंगे नए नियम"

रेखा गुप्ता ने आगे कहा, "जब हम सुधार की बात करते हैं, प्रदूषण कम करने की बात करते हैं और दूसरी देशों के लिए उदाहरण स्थापित करने की बात करते हैं, तो दिल्ली शहर में पहली बार दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. अगर यह सारी कार्रवाई पहले की सरकारों ने कर दी होती, तो शायद अब यह कदम नहीं उठाने पड़ते. जनवरी 2027 से जो एक लाख थ्री-व्हीलर हैं, उन्हें बदलने के लिए सरकार उत्साहित भी है. उनका रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएगा. वहीं, अप्रैल 2028 से पेट्रोल के नए टू-व्हीलर वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा."

ये भी पढ़ें: पार्किंग महंगी, 50% वर्क फ्रॉम होम... सर्दियों में प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार का एक्शन प्लान तैयार