Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी का असर हर गुजरते दिन के साथ और गहराता जा रहा है. शीतलहर और घने कोहरे ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के संकेत साफ हैं कि आज राजधानी में ठंड और ज्यादा तीखी रहने वाली है. रात और सुबह के समय गलन भरी ठंड के साथ कोहरे का प्रकोप लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.
आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिन में हल्की धूप भले ही राहत दे, लेकिन रात और तड़के ठंड काफी तीव्र महसूस की जाएगी. सुबह और देर रात घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है.
कोहरे से थमी रफ्तार, वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह
सुबह के समय पड़ने वाला कोहरा सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार को धीमा कर सकता है. ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. शुक्रवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में घना कोहरा और धुंध देखने को मिली, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई. इस दौरान तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में स्मॉग की मोटी परत छाई हुई है। वीडियो राव तुलाराम मार्ग के आस-पास से है। CAQM (कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट) ने दिल्ली-NCR में GRAP स्टेज-IV के तहत सभी कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 20, 2025
CPCB (सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड) के अनुसार, इलाके के… pic.twitter.com/8ybTOs8hYf
प्रदूषण ने भी बढ़ाई चिंता
ठंड के साथ-साथ दिल्ली की हवा भी बेहद खराब स्थिति में बनी हुई है. सीपीसीबी के समीर ऐप के मुताबिक राजधानी के 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 14 केंद्रों पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 26 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ स्तर पर बनी रही. प्रदूषण और ठंड के इस मेल ने लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
आज और कल AQI से राहत के आसार नहीं
शनिवार को भी दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब श्रेणी में रहने की आशंका जताई जा रही है. हालात में सुधार की उम्मीद फिलहाल कम दिख रही है. रविवार को AQI के और बिगड़कर गंभीर श्रेणी में पहुंचने की संभावना है.
एनसीआर में भी ठंड और कोहरे का असर
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के इलाकों में भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है. नोएडा में सुबह घने कोहरे और धुंध की संभावना है. गाजियाबाद में भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने का अनुमान है, जहां न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है. गुरुग्राम में सुबह और शाम ठंड के साथ कोहरा परेशान कर सकता है. वहीं दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भी सर्द हवा और कोहरे का असर देखने को मिलेगा. हालांकि दिन में हल्की धूप राहत दे सकती है, लेकिन रात में तापमान नीचे रहेगा.
कोहरे का सबसे बड़ा असर: हवाई सेवाएं प्रभावित
शुक्रवार को घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं. कुल 152 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिनमें 79 प्रस्थान और 73 आगमन वाली उड़ानें शामिल हैं. इसके अलावा 70 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
रद्द की गई कुछ प्रमुख उड़ानें
दिल्ली से पूर्णिया, श्रीनगर, बागडोगरा, देहरादून, धर्मशाला, गुवाहाटी, बीकानेर, जोधपुर, अहमदाबाद, गोवा, रांची, आइजोल, वाराणसी, दरभंगा, नागपुर, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और पंतनगर सहित कई रूट्स की उड़ानें रद्द रहीं.
रेल यातायात भी कोहरे से प्रभावित
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया. बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गोरखधाम सुपरफास्ट, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, सम्पूर्ण क्रांति, फरक्का एक्सप्रेस, कालिंदी एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली तेजस राजधानी और चंपारण हमसफर एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें 3 से 6 घंटे तक की देरी से चलीं. कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर में ठंड, कोहरा और प्रदूषण—तीनों ने मिलकर मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आने वाले दिनों में मौसम और हवा की स्थिति पर नजर बनाए रखना बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर सख्ती, 24 घंटे में 11000 से ज्यादा गाड़ियों का कटा चालान