दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती ठंड और प्रदूषण का दोहरा असर, दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है.

Delhi NCR Weather Update Air quality index
Image Source: Social Media

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है. हवा में प्रदूषण पहले से ही चिंता बढ़ा रहा था, अब गिरता तापमान और सुबह-शाम की ठंडक राजधानी के लोगों को नए मौसम का अहसास करा रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में दिन साफ रहेंगे, लेकिन सुबह कोहरे का असर देखने को मिलेगा, वहीं दक्षिण भारत में भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी.

राष्ट्रीय राजधानी में नवंबर की शुरुआत के साथ ही पारा लगातार नीचे आने लगा है. शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर हो रही बारिश और बर्फबारी का असर अब मैदानों तक पहुंच गया है. इसके चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर का मौसम सामान्य तौर पर साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाया रह सकता है.

हरियाणा में साइक्लोनिक सिस्टम से दिल्ली-पंजाब का मौसम प्रभावित

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, हरियाणा और उसके आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है, जिसके असर से दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा.दिन में हल्की धूप और शाम को ठंडी हवाएं राजधानी के मौसम को और सुहावना बना देंगी.

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

जहां उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्से मानसूनी बारिश से प्रभावित हैं. मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक के लिए 8 से 10 नवंबर तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है.IMD की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दक्षिणी कर्नाटक और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. उत्तर-पूर्व मानसून इस समय अपने चरम पर है और अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है.

उत्तर भारत में तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री कम

मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान, पंजाब, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है.वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तरी महाराष्ट्र में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है.IMD के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक यह ठंडक बनी रह सकती है और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी गिरेगा पारा

उत्तर भारत के मौसम में बदलाव का असर अब पूर्वी राज्यों तक पहुंचने लगा है. अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का अनुमान है.हालांकि, फिलहाल पहाड़ों पर कोई सक्रिय प्रणाली नहीं है, इसलिए अगले कुछ दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा. लेकिन तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहेगी और अगले सप्ताह तक गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ सकती है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा कदम, सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव