दिल्ली मेट्रो ने रचा इतिहास! न्यूयॉर्क-पेरिस-हांगकांग को पछाड़कर हासिल की बड़ी उपलब्धि, जानें पूरी जानकारी

Delhi Metro Records: दिल्ली मेट्रो को सिर्फ राजधानी की लाइफलाइन कहना ही काफी नहीं है. अब यह भारत के लिए दुनिया के मंच पर भी पहचान बनाने का काम कर रही है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC ने समय पर ट्रेन चलाने और बेहतर सेवा देने के मामले में दुनिया के कई बड़े मेट्रो नेटवर्क को पीछे छोड़ दिया है.

Delhi Metro makes history Achieves a major milestone by surpassing New York Paris Hong Kong
Image Source: Social Media

Delhi Metro Records: दिल्ली मेट्रो को सिर्फ राजधानी की लाइफलाइन कहना ही काफी नहीं है. अब यह भारत के लिए दुनिया के मंच पर भी पहचान बनाने का काम कर रही है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी DMRC ने समय पर ट्रेन चलाने और बेहतर सेवा देने के मामले में दुनिया के कई बड़े मेट्रो नेटवर्क को पीछे छोड़ दिया है.

दिल्ली मेट्रो की सबसे बड़ी खासियत उसकी पंक्चुअलिटी है. यानी ट्रेन तय समय के हिसाब से चलती और अपने स्टेशन तक पहुंचती है. यही वजह है कि हांगकांग, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे बड़े मेट्रो नेटवर्क के बीच भी दिल्ली मेट्रो ने अपनी अलग जगह बनाई है.

दिल्ली मेट्रो की खास बात यह भी है कि यहां देरी का हिसाब काफी सख्त तरीके से किया जाता है. अगर कोई ट्रेन तय समय से 59 सेकंड से ज्यादा देर से अपने गंतव्य तक पहुंचती है, तो उसे लेट माना जाता है. इसके बावजूद DMRC लगातार 99 फीसदी से ज्यादा पंक्चुअलिटी बनाए रखने में सफल रहा है.

2026 में 99.95 फीसदी रही पंक्चुअलिटी

दिल्ली मेट्रो के सफर की शुरुआत को 23 साल से ज्यादा समय हो चुका है. इस दौरान नेटवर्क लगातार बढ़ता गया और इसके साथ ट्रेनों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी बढ़ी. आम तौर पर मेट्रो का नेटवर्क जितना बड़ा होता है, उसे समय पर चलाना उतना ही मुश्किल होता है. लेकिन दिल्ली मेट्रो ने इस मामले में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है.

साल 2003 में दिल्ली मेट्रो की पंक्चुअलिटी 98.27 फीसदी थी. इसके सिर्फ दो साल बाद यानी 2005 में यह आंकड़ा बढ़कर 99.64 फीसदी हो गया. इतनी कम समय में 99 फीसदी से ज्यादा पंक्चुअलिटी हासिल करना दिल्ली मेट्रो की बड़ी उपलब्धि मानी गई. अब 2026 में भी DMRC ने 99.95 फीसदी ट्रेन पंक्चुअलिटी दर्ज की है. यानी लगभग हर ट्रेन अपने तय समय के अनुसार चल रही है.

दिल्ली मेट्रो के सबसे व्यस्त रूट पर ट्रेनों के बीच का अंतर भी काफी कम हुआ है. जहां पहले दो ट्रेनों के बीच करीब 7 मिनट का अंतर रहता था, वहीं अब यह घटकर लगभग 2 मिनट 18 सेकंड रह गया है. इससे ज्यादा यात्रियों को कम समय में सफर करने की सुविधा मिलती है.

दुनिया के भरोसेमंद मेट्रो सिस्टम में दिल्ली मेट्रो

दिल्ली मेट्रो की गिनती अब दुनिया के भरोसेमंद मेट्रो नेटवर्क में होती है. COMET की अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्किंग में शामिल 45 प्रमुख मेट्रो सिस्टम के बीच दिल्ली मेट्रो लगातार टॉप-5 में जगह बना रही है. इसकी एक बड़ी वजह तकनीकी खराबी के बीच ट्रेनों का लंबा और सुरक्षित संचालन है. दिल्ली मेट्रो ने 2.72 मिलियन कार किलोमीटर का Mean Distance Between Failures हासिल किया है.

आसान भाषा में समझें तो इसका मतलब है कि किसी बड़ी तकनीकी खराबी या सेवा में रुकावट आने से पहले ट्रेनें औसतन करीब 27.2 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर रही हैं. यह आंकड़ा मेट्रो के मजबूत सिस्टम और बेहतर रखरखाव को दिखाता है.

ड्राइवरलेस मेट्रो में भी दिल्ली आगे

दिल्ली मेट्रो सिर्फ पंक्चुअलिटी के मामले में ही आगे नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. DMRC भारत का सबसे बड़ा ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क भी चला रहा है. दिल्ली मेट्रो के कुल नेटवर्क का करीब 29 फीसदी हिस्सा अब ड्राइवरलेस ट्रेन ऑपरेशन के तहत चल रहा है. इसमें पिंक लाइन की भूमिका काफी अहम है.

पिंक लाइन करीब 71.55 किलोमीटर लंबी है और इस पर 45 स्टेशन हैं. यह दुनिया की सबसे लंबी ड्राइवरलेस मेट्रो लाइनों में शामिल है. इस लाइन की खासियत यह भी है कि यह दिल्ली की कई दूसरी मेट्रो लाइनों को आपस में जोड़ती है.

पिंक लाइन की वजह से यात्रियों को कई जगहों पर सीधे दूसरे रूट पर जाने का विकल्प मिला है. इससे कुछ बड़े इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को कम करने में भी मदद मिली है.

8.4 किलोमीटर से शुरू हुआ था सफर

दिल्ली मेट्रो का सफर आज जितना बड़ा दिखाई देता है, इसकी शुरुआत बेहद छोटे नेटवर्क से हुई थी. 25 दिसंबर 2002 को शाहदरा से तीस हजारी के बीच मेट्रो सेवा शुरू की गई थी. उस समय इस रूट पर सिर्फ 6 स्टेशन थे और इसकी लंबाई करीब 8.4 किलोमीटर थी. शुरुआत में रोजाना करीब 82 हजार यात्री मेट्रो से सफर करते थे.

आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. दिल्ली-एनसीआर का मेट्रो नेटवर्क अब 12 लाइनों और 303 स्टेशनों तक फैल चुका है. इसकी कुल लंबाई करीब 416.5 किलोमीटर है और नेटवर्क में 31 इंटरचेंज स्टेशन हैं. यानी दो दशक से ज्यादा समय में दिल्ली मेट्रो ने छोटे से रूट से शुरू होकर पूरे दिल्ली-एनसीआर को जोड़ने वाला विशाल नेटवर्क तैयार कर लिया है.

एक दिन में 81 लाख से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर

दिल्ली मेट्रो की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा यात्रियों की संख्या से भी लगाया जा सकता है. अगस्त 2025 में DMRC ने एक दिन में 81.87 लाख यात्री यात्राओं का रिकॉर्ड बनाया था. यह दिल्ली मेट्रो के इतिहास में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा था.

फिलहाल भी रोजाना औसतन करीब 64.06 लाख यात्री दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें ऑफिस जाने वाले लोग, छात्र, कारोबारी, पर्यटक और रोजमर्रा के काम से सफर करने वाले लाखों लोग शामिल हैं.

इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को रोजाना संभालना आसान काम नहीं है. इसके बावजूद दिल्ली मेट्रो लगातार समय पर ट्रेन चलाने, यात्रियों को सुरक्षित सफर देने और नेटवर्क को बेहतर बनाने पर काम कर रही है.

दिल्ली की लाइफलाइन से ग्लोबल मॉडल तक

दिल्ली मेट्रो ने पिछले दो दशकों में सिर्फ राजधानी की यात्रा को आसान नहीं बनाया है, बल्कि शहरी परिवहन का एक नया मॉडल भी पेश किया है. छोटे से रूट से शुरू हुआ यह नेटवर्क आज सैकड़ों किलोमीटर तक फैल चुका है. समय की पाबंदी, तकनीक, ड्राइवरलेस ट्रेन, बेहतर रखरखाव और करोड़ों यात्रियों को संभालने की क्षमता ने दिल्ली मेट्रो को दुनिया के बड़े मेट्रो सिस्टम के बीच खड़ा कर दिया है.

आज जब दुनिया के कई बड़े शहर अपने सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं, दिल्ली मेट्रो का मॉडल भारत की एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर सामने आता है. राजधानी की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी दिल्ली मेट्रो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की तकनीकी क्षमता और बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की पहचान बन रही है.

ये भी पढ़ें- कौन महिलाएं होंगी पात्र, कैसे मिलेगा ₹2500 का लाभ? ऐसे करें Delhi Laxmi Yojana के लिए आवेदन