'भट्टी' की तरह तप रही दिल्ली, इस सीजन का आज सबसे गर्म दिन, पारा 46 डिग्री के पार, हीटवेव से हाल-बेहाल

Delhi Heatwave: दिल्लीवासी इन दिनों तेज गर्मी की चपेट में हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंगलवार को राजधानी में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया.

delhi-extreme-heatwave-46-degrees-temperature-2026-latest-update
Image Source: ANI/ File

Delhi Heatwave: दिल्लीवासी इन दिनों तेज गर्मी की चपेट में हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंगलवार को राजधानी में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. विशेष रूप से रिज इलाके में 46.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में 45.5 डिग्री, लोधी रोड में 45.2 डिग्री और सफदरजंग व पालम में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक

आईएमडी के अनुसार, राजधानी में यह तापमान सामान्य से लगभग 3-4 डिग्री अधिक है. लू के तेज झोंके और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के कारण बाहरी काम करने वाले लोगों के लिए हालात बेहद कठिन हो गए हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है.

आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार की सुबह न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. इसके साथ ही दिल्ली के कुछ इलाकों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया था. हालांकि विभाग ने अनुमान लगाया था कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, लेकिन दोपहर तक पारा 46 डिग्री तक पहुँच गया.

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का असर

दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश के बांदा, हमीरपुर और कानपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह लू और तेज गर्म हवाएं लोगों के लिए चुनौती बन सकती हैं.

गर्मी से बचाव के उपाय

मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने और अधिक धूप में निकलने से बचने की अपील की है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के और ढीले कपड़े पहनना और बच्चों व बुजुर्गों को सीधे धूप से दूर रखना इस मौसम में बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें: आसमान से बरसेगी आग! दिल्लीवासी हो जाएं सतर्क, पड़ने वाली है भीषण गर्मी; इन बातों का रखें ध्यान