LSG vs DC: दिल्ली ने लखनऊ को लगातार 5वीं बार चटाई धूल, समीर रिजवी ने खेली मैच विनिंग पारी

IPL 2026, LSG vs DC: आईपीएल 2026 के 5वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से जीत हासिल की.

Delhi Capitals beats Lucknow Super Giants by 6 wickets IPL 2026
Image Source: ANI

IPL 2026, LSG vs DC: आईपीएल 2026 के 5वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से जीत हासिल की. इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने लखनऊ के दिए गए 142 रनों का टारगेट महज 17.1 ओवर में हासिल किया और लगातार 5वीं बार लखनऊ पर अपनी जीत का डंका बजाया. दिल्ली ने 2023 के बाद से लखनऊ के खिलाफ एक भी मैच नहीं गंवाया है, और इस बार भी जीत का सिलसिला जारी रखा.

दिल्ली के गेंदबाजों ने किया लखनऊ का सूपड़ा साफ

इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह से सही साबित हुआ. लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवर में सिर्फ 141 रन ही बना पाई. अब्दुल समद (36 रन) और मिचेल मार्श (35 रन) ने कुछ अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाए. दिल्ली की गेंदबाजी में लुंगी एन्गिडी और टी नटराजन ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, दोनों ने 3-23 विकेट झटके. कुलदीप यादव ने भी 2 विकेट लेकर लखनऊ के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में अहम भूमिका निभाई. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने भी एक विकेट लिया और टीम की गेंदबाजी में बेहतरीन योगदान दिया.

समीर रिजवी की मैच विनिंग पारी

दिल्ली के रन चेज में शुरुआत बहुत ही खराब रही. पारी की पहली गेंद पर मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को आउट कर दिया और दिल्ली के बैटिंग ऑर्डर में खलबली मच गई. इसके बाद नितीश राणा (15), पाथुम निसांका (1) और अक्षर पटेल (0) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए. सिर्फ 4.3 ओवर में दिल्ली ने 26 रन पर 4 विकेट गंवा दिए और मैच पूरी तरह से लखनऊ के पक्ष में नजर आने लगा. लेकिन इस मुश्किल वक्त में युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने अपनी शानदार पारी से मैच का रुख पलट दिया.

इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट भी 148.93 का रहा, जो उनके आक्रामक खेल को दर्शाता है. रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स (39*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की शानदार साझेदारी की, जो दिल्ली की जीत की नींव बनी. इस साझेदारी ने दिल्ली को लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की और 17.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल किया.

दिल्ली की मजबूत शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में अपने दबदबे को बरकरार रखते हुए आईपीएल 2026 सीज़न की शुरुआत शानदार तरीके से की. समीर रिजवी की मैच विजिंग पारी ने न केवल दिल्ली को जीत दिलाई, बल्कि यह साबित कर दिया कि टीम में अभी भी बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स को इस मैच में एक और हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दिल्ली के गेंदबाजों और रिजवी की शानदार पारी ने उनकी जीत को सुनिश्चित किया.

ये भी पढ़ें: आखिर श्रेयस अय्यर ने ऐसी क्या गलती कर दी? BCCI ने ठोक दिया भारी-भरकम जुर्माना, वजह कर देगी हैरान