Delhi Bus Free Pass: दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खबर आई है. अब राजधानी में बस में मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं को ‘वन दिल्ली’ स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है. पहले महिलाएं पिंक टिकट का इस्तेमाल करती थीं, लेकिन अब इस स्मार्ट कार्ड के जरिए उनका सफर न सिर्फ आसान होगा, बल्कि सुरक्षित और पारदर्शी भी बनेगा.
दिल्ली सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?
इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मॉडर्न बनाना है. पिंक टिकट के समय सरकार के पास महिलाओं की यात्रा से जुड़ा कोई सटीक डेटा नहीं होता था. लेकिन स्मार्ट कार्ड के माध्यम से यह जानकारी अब हर यात्रा के साथ अपडेट होती रहेगी. इससे बसों की संख्या और रूट मैनेजमेंट में सुधार संभव होगा और राजधानी में महिलाओं की यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो सकेगी.
‘वन दिल्ली’ स्मार्ट कार्ड क्या है?
यह कार्ड एक मल्टी-मोडल कार्ड है, जिसे बस और मेट्रो दोनों में इस्तेमाल किया जा सकता है. महिलाएं बस में चढ़ते ही कार्ड मशीन पर टैप करेंगी और उनकी पूरी यात्रा रिकॉर्ड हो जाएगी. यात्रा के दौरान किसी तरह का पैसा नहीं कटेगा, लेकिन सरकार को महिलाओं की सफर संबंधी पूरी जानकारी मिलती रहेगी.
स्मार्ट कार्ड से महिलाओं को मिलने वाले फायदे
स्मार्ट कार्ड के कई फायदे हैं. लंबी कतार में टिकट लेने की जरूरत खत्म हो जाएगी. इसके अलावा, सरकार यह जान पाएगी कि किन इलाकों में सबसे अधिक महिलाएं यात्रा करती हैं, जिससे उन इलाकों में और अधिक बसें उपलब्ध कराई जा सकें. इसके साथ ही कार्ड के जरिए महिलाओं की सुरक्षा और ट्रैकिंग बेहतर होगी.
कैसे बनवाएं ‘वन दिल्ली’ स्मार्ट कार्ड?
इस कार्ड के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही विशेष शिविर आयोजित करेगी. इसके अलावा, यह कार्ड बस डिपो, मेट्रो स्टेशनों और ‘वन दिल्ली’ ऐप के माध्यम से भी बनवाया जा सकता है. इसके लिए महिलाओं को आधार कार्ड और दिल्ली निवास प्रमाण पत्र साथ रखना होगा.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 2 दिन आंधी और हल्की बारिश के आसार; IMD का अलर्ट