दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्री ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर लगाए गंभीर आरोप

देश की राजधानी के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए.

Delhi airport express pilot assault passenger video viral
Image Source: Social Media

देश की राजधानी के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए. इस मामले से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. पीड़ित यात्री का कहना है कि इस घटना ने न सिर्फ उनकी यात्रा बल्कि पूरे परिवार की छुट्टियां खराब कर दीं और उनका छोटा बच्चा अब भी डर के साए में है.

पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने दावा किया है कि सुरक्षा जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और बाद में शारीरिक हमला भी कर दिया. अंकित के मुताबिक, यह पूरी घटना उनकी 7 साल की बेटी के सामने हुई, जिससे वह बुरी तरह डर गई है और अभी तक सदमे से बाहर नहीं आ पाई है.

कैसे शुरू हुआ विवाद?

अंकित दीवान ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने बयान में बताया कि वह अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे और उनके साथ एक 4 महीने का बच्चा स्ट्रोलर में था. इसी वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें उस लाइन में जाने को कहा, जो आमतौर पर कर्मचारियों के लिए होती है. अंकित का आरोप है कि उसी लाइन में कुछ स्टाफकर्मी आगे बढ़ रहे थे, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई. इसी बात पर कैप्टन वीरेंद्र नाराज हो गए और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद पायलट ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई और खून बहने लगा. अंकित का कहना है कि पायलट की शर्ट पर दिख रहा खून भी उनका ही था.

परिवार पर पड़ा गहरा असर

पीड़ित यात्री ने कहा कि इस घटना के बाद उनकी पूरी यात्रा खराब हो गई. सबसे ज्यादा असर उनकी 7 साल की बेटी पर पड़ा है, जिसने अपने पिता को इस तरह पिटते हुए देखा. बच्ची अब भी डरी हुई है और मानसिक रूप से आहत है.

एयर इंडिया एक्सप्रेस का बयान

मामले के सामने आते ही एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी और घटना पर खेद जताया. एयरलाइन ने साफ किया कि आरोपी पायलट को तत्काल प्रभाव से सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है. कंपनी के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इस घटना की जानकारी उन्हें मिली है, जिसमें उनका एक कर्मचारी शामिल था. उस वक्त संबंधित कर्मचारी किसी दूसरी एयरलाइन की फ्लाइट से यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था.

एयरलाइन ने ऐसे व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जांच के नतीजों के आधार पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि कंपनी अपने सभी कर्मचारियों से उच्च स्तर के पेशेवर और जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद करती है और यात्रियों की सुरक्षा व सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें:  कोहरे में लिपटी दिल्ली... चारों और धुंआ-धुंआ, पढ़ें आज का AQI अपडेट