इस्लामाबाद: कमर जावेद बाजवा के निधन की खबर सामने आई है. परिवार के करीबी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया. यह चोट उन्हें कुछ समय पहले बाथरूम में फिसलकर गिरने के दौरान लगी थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरवरी 2026 में यह घटना हुई थी जब बाजवा अपने घर के वॉशरूम में फिसलकर गिर गए थे. उस समय वह नंगे पैर थे, जिससे संतुलन बिगड़ा और उनका सिर जोर से टकरा गया. इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी.
इस घटना के बाद उन्हें तुरंत रावलपिंडी मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ.
वीडियो मैसेज में दी गई थी जानकारी
घटना के बाद फरवरी में ही उनके जीजा नईम घुम्मन ने एक वीडियो संदेश जारी कर पूरी जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि हादसा अचानक हुआ और मेडिकल जांच में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई.
उस समय यह भी कहा गया था कि बाजवा खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है, जिससे परिवार और समर्थकों को राहत मिली थी.
हॉस्पिटल में हुई बड़ी सर्जरी
हादसे के तुरंत बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़ी सर्जरी की थी. ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां लगातार निगरानी की जा रही थी.
डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर सर्जरी को सफल बताया था, लेकिन यह भी कहा था कि उनकी पूरी रिकवरी आने वाले दिनों में उनकी सेहत पर निर्भर करेगी. चोट की गंभीरता के कारण मेडिकल टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए थी.
धीरे-धीरे बिगड़ती गई हालत
हालांकि शुरुआत में उनकी हालत स्थिर बताई गई थी, लेकिन समय के साथ उनकी स्थिति में जटिलताएं बढ़ती चली गईं. सिर की चोट के कारण स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा, जो अंततः जानलेवा साबित हुआ.
लंबा सैन्य करियर
कमर जावेद बाजवा ने 2016 से 2022 तक पाकिस्तान के सेना प्रमुख के रूप में सेवा दी. उनके कार्यकाल को 2019 में बढ़ाया भी गया था. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई अहम सैन्य और रणनीतिक फैसले लिए.
2022 के अंत में रिटायरमेंट के बाद वह सार्वजनिक जीवन से काफी हद तक दूर हो गए थे और कम ही नजर आते थे.
ये भी पढ़ें- अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में भेजे 3500 मरीन, पहले से तैनात हैं 50,000 सैनिक, ईरान में होगा ग्राउंड ऑपरेशन?