शाम की चाय के साथ बनाएं दही-अखरोट के कबाब, बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट, नोट करें आसान रेसिपी

Dahi Walnut ke Kebab Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन हो, तो दही-अखरोट के कबाब एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं.

Dahi Walnut Kebab Recipe, Walnut Paneer Kebab, Evening Tea Snacks Recipe, Crispy Veg Kebab Recipe
Image Source: Internet

शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन हो, तो दही-अखरोट के कबाब एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. आपने अब तक पनीर, गलौटी और चिकन कबाब जैसी कई वैरायटी का स्वाद चखा होगा, लेकिन दही और अखरोट से बनने वाले इन कबाबों का जायका थोड़ा अलग होता है. बाहर से कुरकुरी परत और अंदर से सॉफ्ट टेक्सचर इन्हें खास बनाता है. इन्हें घर पर बनाना भी काफी आसान है. अचानक मेहमान आ जाएं, तो आप झटपट यह शानदार स्नैक तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.

दही-अखरोट के कबाब बनाने के लिए सामग्री

- 200 ग्राम गाढ़ा दही (हंग कर्ड)
- 150 ग्राम पनीर
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटे अखरोट
- 1 मध्यम आकार का प्याज, बारीक कटा हुआ
- 1 शिमला मिर्च, बारीक कटी हुई
- अदरक का 1 छोटा टुकड़ा, बारीक कटा हुआ
- 1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- थोड़ा सा हरा धनिया
- डेढ़ बड़ा चम्मच भुना बेसन
- स्वादानुसार नमक
- ताजा ब्रेड क्रम्ब्स
- कबाब सेंकने के लिए तेल

इस तरह तैयार करें दही-अखरोट के कबाब

स्टेप 1: सबसे पहले एक बड़े बाउल में हंग कर्ड लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर डालकर दोनों को अच्छी तरह मिला लें.

स्टेप 2: अब इस मिश्रण में बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च, प्याज, शिमला मिर्च और हरा धनिया डालें. इसके बाद कटे हुए अखरोट और स्वादानुसार नमक मिलाएं.

स्टेप 3: मिश्रण को सही आकार देने और बांधने के लिए इसमें भुना बेसन डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर एकसार मिश्रण तैयार कर लें.

स्टेप 4: तैयार मिश्रण को करीब 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे मिश्रण थोड़ा सेट हो जाएगा और कबाब बनाना आसान रहेगा.

स्टेप 5: अब हथेलियों पर थोड़ा तेल लगाएं और मिश्रण का एक हिस्सा लेकर गोल या टिक्की जैसा आकार दें. ध्यान रखें कि कबाब बहुत मोटे न हों, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक सकें.

स्टेप 6: तैयार कबाब को ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट लें. इससे पकने के बाद उनकी बाहरी परत कुरकुरी बनेगी.

स्टेप 7: एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और कबाब को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक शैलो फ्राई करें.

स्टेप 8: जब कबाब अच्छी तरह सिक जाएं, तो उन्हें प्लेट में निकाल लें. लीजिए, आपके स्वादिष्ट दही-अखरोट के कबाब तैयार हैं.

हरी चटनी के साथ करें सर्व

दही-अखरोट के कबाब का असली स्वाद गर्मागर्म परोसने पर आता है. इन्हें हरी धनिया या पुदीने की तीखी चटनी के साथ सर्व करें. साथ में प्याज और नींबू भी रख सकते हैं. शाम की चाय के साथ यह स्नैक मेहमानों को भी खूब पसंद आएगा.

कबाब टूटने से बचाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

कबाब बनाते समय सबसे जरूरी है कि दही में अतिरिक्त पानी न हो. इसलिए हंग कर्ड का पानी अच्छी तरह निकाल लें. अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे, तो उसमें थोड़ा और भुना बेसन मिला सकते हैं. कबाब को फ्रिज में रखने के बाद आकार दें और पैन में डालते समय तेल अच्छी तरह गर्म रखें. इससे कबाब आसानी से पकेंगे और टूटेंगे भी नहीं.

यह भी पढ़े: रोजाना दाल-रोटी खाकर हो गए हैं बोर? लंच में बनाएं बिहारी स्टाइल कद्दू भात, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे