kaddu-bhaat: अगर रोजाना एक जैसा दाल-चावल और रोटी खाकर आपका भी मन ऊब गया है, तो लंच में कुछ नया और चटपटा ट्राई करने का समय आ गया है. ऐसे में बिहारी स्टाइल कद्दू भात आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है. बिहार के पारंपरिक खानपान में शामिल यह डिश स्वाद और सादगी का बेहतरीन मेल है. सरसों के तेल, पंचफोरन और देसी मसालों के तड़के से तैयार कद्दू की सब्जी जब गरमा-गरम भात के साथ परोसी जाती है, तो इसका स्वाद लाजवाब हो जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत या समय नहीं लगता. कद्दू की सब्जी अपने ही रस में पकती है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. तो आइए जानते हैं घर पर आसानी से बिहारी स्टाइल कद्दू भात बनाने की रेसिपी और कुछ खास टिप्स.
कद्दू भात बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कद्दू की सब्जी के लिए:
- कद्दू - आधा किलो (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
- सरसों का तेल - 2 बड़े चम्मच
- पंचफोरन - 1 छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च - 2
- हींग - 1 चुटकी
- हल्दी पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटा चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- गुड़ या चीनी - थोड़ा सा (वैकल्पिक)
- हरा धनिया - बारीक कटा हुआ
सबसे पहले तैयार करें खिले-खिले भात
कद्दू भात बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन या कुकर में चावल और पानी डालकर पकने के लिए रख दें. चावल पकने के बाद ध्यान रखें कि भात ज्यादा गीला न हो. इसे हल्का खिला-खिला रखें, ताकि कद्दू की सब्जी के साथ इसका स्वाद अच्छी तरह आए.
सरसों के तेल और पंचफोरन से लगाएं तड़का
अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें पंचफोरन, सूखी लाल मिर्च और हींग डाल दें. जब मसालों से खुशबू आने लगे, तब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर हल्का भूनें. इसके बाद कटे हुए कद्दू के टुकड़े और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
धीमी आंच पर पकाएं कद्दू की सब्जी
मसालों के साथ कद्दू को अच्छी तरह मिलाने के बाद कढ़ाई को ढक दें. इसे धीमी आंच पर करीब 8-10 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में सब्जी चलाते रहें, ताकि कद्दू नीचे चिपके नहीं. कद्दू में पहले से ही पानी मौजूद होता है, इसलिए शुरुआत में अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. जब कद्दू अच्छी तरह गल जाए, तो कलछी की मदद से इसे हल्का मैश कर लें. इससे सब्जी गाढ़ी और लटपटी हो जाएगी. आखिर में थोड़ा सा गुड़ या चीनी डाल सकते हैं, जिससे सब्जी में हल्का खट्टा-मीठा स्वाद आएगा. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
ये छोटी-छोटी टिप्स बढ़ा देंगी स्वाद
बिहारी स्टाइल कद्दू भात का असली स्वाद इसके तड़के में छिपा है. इसलिए सब्जी बनाने के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल जरूर करें. पंचफोरन और हींग का तड़का इसके देसी स्वाद को और बढ़ा देता है. दूसरी खास बात यह है कि कद्दू पकाते समय ज्यादा पानी न डालें. इसे धीमी आंच पर अपने ही रस में पकने दें. इससे सब्जी का स्वाद बरकरार रहेगा और इसकी बनावट भी अच्छी बनेगी.
बस तैयार है आपका स्वादिष्ट बिहारी स्टाइल कद्दू भात! इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसें. यकीन मानिए, इसका चटपटा और हल्का मीठा स्वाद आपके रोजाना के बोरिंग लंच में देसी जायका भर देगा.
यह भी पढ़ें: 'न्यूड फोटो' के बदले सीक्रेट जानकारी, पाकिस्तानी जासूस के हनीट्रैप में फंसा IAF अफसर, कई डेटा लीक!