WhatsApp यूजर्स अलर्ट! साइबर ठग फर्जी पेमेंट लिंक से लोगों को लगा रहे चूना, यहां जानिए बचने का तरीका

WhatsApp Payment Scam: डिजिटल पेमेंट ने आज के समय में लेन-देन को बेहद आसान बना दिया है. WhatsApp जैसी लोकप्रिय एप्लिकेशन के जरिए अब लोग कुछ ही सेकंड में पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं.

Cyber ​​criminals scam on WhatsApp by fake payment link
Image Source: Freepik

WhatsApp Payment Scam: डिजिटल पेमेंट ने आज के समय में लेन-देन को बेहद आसान बना दिया है. WhatsApp जैसी लोकप्रिय एप्लिकेशन के जरिए अब लोग कुछ ही सेकंड में पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं. यह सुविधा छोटे भुगतान, दोस्तों से बिल बांटने और दुकानदारों को पैसे भेजने के लिए बहुत ही सुविधाजनक मानी जाती है. लेकिन जहां एक ओर यह सुविधा लोगों के जीवन को सरल बनाती है. वहीं साइबर ठगों ने इस सुविधा का गलत फायदा उठाना शुरू कर दिया है. ठग अब फर्जी पेमेंट रिक्वेस्ट, धोखेबाज लिंक और नकली पहचान से लोगों को लूटने में लगे हुए हैं. ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि हम अपने पैसे और निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें.

कौन भेज रहा है पेमेंट रिक्वेस्ट?

अगर आपको किसी व्यक्ति की तरफ से पैसे भेजने का अनुरोध मिलता है, तो यह जरूरी नहीं कि वह सच हो. ऐसे में, सबसे पहले उस व्यक्ति से फोन कॉल करके या अलग से मैसेज भेजकर पुष्टि करना चाहिए. ठग अक्सर किसी करीबी रिश्तेदार या दोस्त के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को धोखा देते हैं, इसलिए सावधानी रखना बेहद जरूरी है.

फर्जी लिंक से रहें दूर

साइबर ठग अक्सर ऐसे लिंक भेजते हैं जो देखने में असली और विश्वसनीय लगते हैं. ये लिंक कभी पेमेंट कन्फर्मेशन या तो कभी आकर्षक ऑफर का दावा करते हैं, लेकिन असल में ये फिशिंग वेबसाइट्स होती हैं. ऐसे लिंक पर क्लिक करने से बचें और हमेशा सुनिश्चित करें कि लिंक किसी आधिकारिक और विश्वसनीय वेबसाइट का हो.

पेमेंट रिक्वेस्ट को ध्यान से पढ़ें

अगर आपको कोई पेमेंट रिक्वेस्ट मिलती है, तो उसे तुरंत स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जानकारी पढ़ें. जल्दबाजी में कभी भी रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, खासकर जब उसमें आपको नाम, राशि या पेमेंट का कारण ठीक से समझ न आ रहा हो. धोखाधड़ी से बचने के लिए इन विवरणों को जांचना जरूरी है.

UPI PIN और OTP को गोपनीय रखें

आपका UPI PIN और OTP पूरी तरह से व्यक्तिगत जानकारी होती है. कोई भी आधिकारिक बैंक या संस्था आपको WhatsApp पर कभी भी इन विवरणों को पूछने के लिए संपर्क नहीं करेगी. अगर कोई ऐसा करता है, तो यह एक साफ-साफ संकेत है कि यह धोखाधड़ी का प्रयास हो सकता है. ऐसे मामलों में तुरंत सतर्क हो जाएं और अपनी जानकारी साझा करने से बचें.

QR कोड स्कैन करते समय सावधानी बरतें

कई बार लोग यह समझते हैं कि QR कोड स्कैन करने से पैसे उनके खाते में जमा हो जाएंगे, लेकिन यह सच नहीं है. असल में, QR कोड स्कैन करके आप पैसे भेजते हैं. इसलिए अगर आपको कोई अजनबी व्यक्ति QR कोड भेजकर पैसे आने का दावा करता है, तो उसे नजरअंदाज करें और कोई भी कार्रवाई करने से पहले सावधानी बरतें.

टू-स्टेप वेरिफिकेशन का करें उपयोग

WhatsApp पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन फीचर आपकी अकाउंट सुरक्षा को बढ़ाने में मदद करता है. इसे सक्षम रखने से कोई भी अनधिकृत व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच नहीं बना सकता. यह एक आसान और प्रभावी तरीका है अपने WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने का.

संदिग्ध अकाउंट को तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करें

यदि आपको किसी संदिग्ध नंबर से कोई मैसेज या पेमेंट रिक्वेस्ट प्राप्त होती है, तो उसे तुरंत ब्लॉक कर दें और WhatsApp पर रिपोर्ट करें. यह प्रक्रिया प्लेटफॉर्म को धोखेबाजी करने वाले अकाउंट्स की पहचान करने में मदद करती है और ऐसे ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने का मार्ग प्रशस्त करती है.

अनजान नंबर से आए मैसेज को नजरअंदाज करें

कई बार अनजान नंबर से भी धोखेबाज आपको मैसेज कर सकते हैं. ऐसे में अगर आपको किसी मैसेज पर शक हो, तो उसे नजरअंदाज करें और उस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करें. WhatsApp पर यह विकल्प आसानी से उपलब्ध है, जो आपको सुरक्षित रहने में मदद करेगा.

ये भी पढ़ें: ईरान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ड्रोन से बनाया निशाना, एक भारतीय समेत 4 लोग घायल