गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, 2 महिलाओं समेत 4 की मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

असम के गुवाहाटी में सोमवार, 26 अक्टूबर की रात एक होटल में अंधाधुंध गोलीबारी हुई. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है.

assam firing at a hotel in Guwahati leaves 4 dead police searching
Image Source: Social Media

असम के गुवाहाटी में सोमवार, 26 अक्टूबर की रात एक होटल में अंधाधुंध गोलीबारी हुई. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है. गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.

मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर, आरोपियों की तलाश जारी

गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कई एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गईं. पुलिस ने होटल में जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. अब तक चार शव बरामद किए गए हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी किस वजह से हुई और वारदात में कितने लोग शामिल थे. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है.

घटना में घायल लोगों की सही संख्या, उनकी हालत और मृतकों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है. पुलिस जांच के बाद मामले में और जानकारी सामने आ सकती है.