दिवाली-छठ पर भी मिल सकता है कन्फर्म ट्रेन टिकट, IRCTC पर तत्काल बुकिंग होगा आसान, जान लें ये ट्रिक

दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर घर जाने के लिए ट्रेनों में काफी भीड़ रहती है. ऐसे में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. अगर आप भी त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं और टिकट नहीं मिला है, तो तत्काल कोटा आपके काम आ सकता है.

confirmed train ticket during Diwali Chhath Tatkal booking on IRCTC
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

IRCTC Tatkal Ticket Booking: दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर घर जाने के लिए ट्रेनों में काफी भीड़ रहती है. ऐसे में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. कई यात्री महीनों पहले टिकट बुक करने के बाद भी अपनी सीट पक्की नहीं कर पाते. अगर आप भी त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं और टिकट नहीं मिला है, तो तत्काल कोटा आपके काम आ सकता है. हालांकि, इसमें सीटें सीमित होती हैं और बुकिंग के लिए तेजी के साथ सही तैयारी भी जरूरी है.

किस समय खुलती है तत्काल टिकट की बुकिंग?

रेलवे के नियमों के मुताबिक, तत्काल टिकट की बुकिंग ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने की तारीख से एक दिन पहले खुलती है. एसी क्लास के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे बुकिंग शुरू होती है.

उदाहरण के लिए, अगर ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशन से 28 अक्टूबर को रवाना हो रही है, तो तत्काल टिकट की बुकिंग 27 अक्टूबर को करनी होगी. ध्यान रखें कि बुकिंग की तारीख ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से चलने की तारीख के आधार पर तय होती है.

बुकिंग से पहले कर लें ये तैयारी

तत्काल टिकट बुक करते समय कुछ ही मिनटों में सीटें भर सकती हैं. इसलिए बुकिंग शुरू होने से पहले कुछ जरूरी काम कर लेना फायदेमंद हो सकता है.

मास्टर लिस्ट में यात्रियों की जानकारी सेव करें: IRCTC की वेबसाइट या ऐप में मास्टर लिस्ट का इस्तेमाल करके यात्रियों के नाम, उम्र और दूसरी जरूरी जानकारी पहले से सेव कर लें. इससे बुकिंग के समय हर यात्री की जानकारी अलग-अलग भरने में लगने वाला समय बच सकता है.

पेमेंट का इंतजाम पहले करें: टिकट बुक करते समय भुगतान में देरी होने से परेशानी हो सकती है. आप चाहें तो IRCTC eWallet में पहले से पैसे रख सकते हैं या भुगतान का कोई दूसरा तरीका तैयार रखें. हालांकि, वॉलेट से भुगतान करने पर भी कन्फर्म टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती.

लॉगिन और अकाउंट की जांच करें: अपना IRCTC यूजर आईडी और पासवर्ड पहले से जांच लें. आधार से जुड़ी जरूरी शर्तें भी पूरी रखें. इससे बुकिंग के समय तकनीकी परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.

ऐसे करें तत्काल टिकट की बुकिंग

बुकिंग शुरू होने से पहले IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लें. इसके बाद यात्रा के स्टेशन, तारीख और ट्रेन की जानकारी भरें. कोटा चुनते समय ‘Tatkal’ का विकल्प चुनें.

एसी क्लास के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे बुकिंग शुरू होने पर उपलब्ध ट्रेन और सीटों की जानकारी देखें. अपनी पसंद की ट्रेन और क्लास चुनकर बुकिंग आगे बढ़ाएं.

यात्रियों की जानकारी भरते समय मास्टर लिस्ट का इस्तेमाल करें. इसके बाद कैप्चा और भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करें. अगर IRCTC eWallet इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उपलब्ध बैलेंस और भुगतान की प्रक्रिया पहले से जांच लें.

बुकिंग के दौरान ‘Book only if confirm berths are allotted’ जैसा विकल्प दिखाई दे, तो उसे ध्यान से पढ़कर चुनें. इससे आपकी बुकिंग की शर्त तय हो सकती है. हालांकि, वेबसाइट पर दिखने वाले विकल्पों और नियमों के अनुसार ही आगे बढ़ें.

तत्काल टिकट के जरूरी नियम

एक टिकट पर कितने यात्री: तत्काल कोटे में एक PNR पर अधिकतम चार यात्रियों की बुकिंग की जा सकती है.

अतिरिक्त शुल्क: तत्काल टिकट के सामान्य किराये के अलावा अतिरिक्त तत्काल शुल्क भी देना पड़ता है. इसलिए भुगतान से पहले कुल किराया और वॉलेट का बैलेंस जरूर जांच लें.

टिकट कैंसिल करने पर रिफंड: कन्फर्म तत्काल टिकट को यात्री अपनी तरफ से कैंसिल कराता है, तो आम तौर पर किराया वापस नहीं मिलता. हालांकि, रेलवे के नियमों में तय कुछ विशेष परिस्थितियों में रिफंड मिल सकता है. इसलिए टिकट बुक करने से पहले यात्रा की तारीख और ट्रेन की जानकारी अच्छी तरह जांच लें.

तत्काल टिकट पाने के लिए सही समय पर बुकिंग करना और यात्रियों की जानकारी पहले से तैयार रखना मददगार हो सकता है. फिर भी, सीटें सीमित होने के कारण कन्फर्म टिकट मिलने की कोई गारंटी नहीं होती. बुकिंग से पहले IRCTC के ताजा नियम जरूर देख लें.