Brazil Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लूला दा सिल्वा को उनकी दोबारा चुनावी जीत की बधाई दी. पीएम मोदी ने उन्हें अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि वह भारत और ब्राजील के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा व व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं. पीएम मोदी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि दोनों देश अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करते रहेंगे. इसके साथ ही भारत और ब्राजील ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने तथा अधिक समावेशी, न्यायसंगत और टिकाऊ दुनिया के निर्माण की दिशा में काम करेंगे.
Heartiest congratulations to my dear friend, President Lula, on his remarkable re-election victory. I look forward to working closely with him to further deepen and expand the multifaceted India-Brazil Strategic Partnership. Together, we will continue to strengthen our cooperation across diverse sectors, advance the shared priorities of the Global South and work towards a more inclusive, equitable and sustainable world. @LulaOficial
— Narendra Modi (@narendramodi) October 26, 2026
पहले दौर में पिछड़े
ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में लूला दा सिल्वा की जीत इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पहले दौर में वह फ्लावियो बोल्सोनारो से पीछे रह गए थे. पहले चरण में फ्लावियो को 47.03 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि लूला को 45.16 प्रतिशत मत हासिल हुए थे. इसके बाद 25 अक्टूबर को हुए दूसरे दौर के मतदान में लूला ने वापसी की और जीत दर्ज की. ब्राजील के चुनाव प्राधिकरण के अंतिम नतीजों के अनुसार, लूला को 51.79 प्रतिशत वैध वोट मिले, जबकि फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.21 प्रतिशत वोट हासिल हुए. इस जीत के साथ लूला ने राष्ट्रपति के रूप में अपना चौथा कार्यकाल सुनिश्चित किया है.
पहले भी दो बार राष्ट्रपति रह चुके हैं लूला
लूला दा सिल्वा इससे पहले 2003 से 2010 तक लगातार दो कार्यकाल के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति रहे थे. इसके बाद 2022 के चुनाव में जीत हासिल कर वह फिर सत्ता में लौटे और 2023 में उन्होंने तीसरी बार राष्ट्रपति पद संभाला. अब 2026 के चुनाव में जीत के बाद वह चौथे कार्यकाल के लिए तैयार हैं. उनका राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. 2018 में भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था, लेकिन बाद में उनकी सजा रद्द कर दी गई थी.
ये भी पढ़ें- लूला ने पलटी बाजी, फ्लावियो बोल्सोनारो को हराकर फिर बने ब्राजील के राष्ट्रपति, चौथी बार संभालेंगे सत्ता