CWG 2026: भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में रचा इतिहास, एक दिन में जीते 16 मेडल, सिर्फ बॉक्सिंग में आए 7 गोल्ड

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में 8 गोल्ड समेत कुल 16 मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया.

CWG 2026 Commonwealth Games India won 16 medals in a single day with 7 gold medals
Image Source: Social Media

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही दिन में 8 गोल्ड समेत कुल 16 मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया. सबसे शानदार प्रदर्शन बॉक्सिंग में देखने को मिला, जहां भारत ने 7 गोल्ड मेडल अपने नाम किए. कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में बॉक्सिंग में यह भारत का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है.

भारत के लिए दिन का पहला गोल्ड प्रीती पवार ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में जीता. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी रहा. दिन का आखिरी गोल्ड अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में जीतकर भारत की झोली में डाला.

बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा

भारत के 7 मुक्केबाज गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे. इनमें 5 महिला और 2 पुरुष मुक्केबाज शामिल रहे. महिलाओं में प्रीती पवार, जैस्मीन लैंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी ने गोल्ड जीता. वहीं पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने देश को गोल्ड मेडल दिलाया.

पैरा एथलेटिक्स में भी मिला गोल्ड

बॉक्सिंग के अलावा पैरा एथलेटिक्स में भी भारत को बड़ी सफलता मिली. सोमन राणा ने पुरुष शॉट पुट F57 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता. इसी स्पर्धा में शुभम जुयाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

इन खिलाड़ियों ने जीते सिल्वर मेडल

शनिवार को भारत के खाते में 5 सिल्वर मेडल भी आए. प्रवीण चित्रवेल ने पुरुष ट्रिपल जंप, जदुमणि सिंह ने बॉक्सिंग के 55 किलोग्राम वर्ग, शुभम जुयाल ने पैरा एथलेटिक्स शॉट पुट F57, लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग और नरेंद्र बेरवाल ने पुरुष 90 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग में सिल्वर मेडल जीते.

तीन खिलाड़ियों ने जीता ब्रॉन्ज

भारत को शनिवार को 3 ब्रॉन्ज मेडल भी मिले. सेल्वा प्रभु ने पुरुष ट्रिपल जंप, उन्नति शर्मा ने महिलाओं के 63 किलोग्राम जूडो वर्ग और गुलवीर सिंह ने पुरुष 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.

मेडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंचा भारत

शनिवार सुबह तक भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर था, लेकिन एक दिन में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया चौथे स्थान पर पहुंच गई. अब भारत के कुल 39 मेडल हो चुके हैं, जिनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- कैशलेस इंडिया ने पकड़ी रफ्तार, UPI ट्रांजैक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड, दुनिया में भी बढ़ रही पहचान