CSK vs MI: मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. गुरुवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई को 103 रनों के बड़े अंतर से हराकर बड़ा झटका दिया. यह पहली बार है जब मुंबई इंडियंस को 100 या उससे अधिक रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, रनों के लिहाज से यह चेन्नई की अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है.
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आया. कप्तान हार्दिक पांड्या गेंदबाजी में भी महंगे साबित हुए और बल्लेबाजी में भी कुछ खास नहीं कर सके. वह अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए.
चेन्नई ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रनों का मजबूत स्कोर बनाया. इस बड़ी पारी की नींव संजू सैमसन के शानदार शतक से पड़ी. उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम लगातार रन बनाती रही और अंत में एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा कर दिया.
मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने महज 11 रन के स्कोर पर ही अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए. क्विंटन डिकॉक 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दानिश मालेवर और नमन धीर खाता भी नहीं खोल सके.
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन यह साझेदारी टूटते ही पूरी टीम फिर से लड़खड़ा गई.
84 के स्कोर पर यह जोड़ी टूटने के बाद मुंबई के बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और महज 20 रन के भीतर पूरी टीम सिमट गई. मुंबई इंडियंस 104 रन पर ऑलआउट हो गई.
सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका. कप्तान हार्दिक पांड्या 1 रन, शेरफेन रदरफोर्ड 0 और शार्दुल ठाकुर 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
हार के बाद क्या बोले हार्दिक पांड्या?
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने टीम की हार का मुख्य कारण पावरप्ले में खराब बल्लेबाजी को बताया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में विकेट गिरने के बाद टीम वापसी नहीं कर पाई.
हार्दिक ने कहा कि पावरप्ले में विकेट गंवाना हमेशा मुश्किल होता है और यही इस मैच में भी हुआ. उनके मुताबिक, अगर टीम को इस बड़े लक्ष्य का पीछा करना था, तो उसे एक मजबूत शुरुआत और अच्छा मोमेंटम चाहिए था, जो नहीं मिल सका.
उन्होंने यह भी माना कि जिस पिच पर चेन्नई ने अच्छी बल्लेबाजी की, उसी पर मुंबई बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी. साथ ही उन्होंने संजू सैमसन की पारी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी शानदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख बदल दिया.
ये भी पढ़ें- Sachin Tendulkar Birthday: 53 साल के हुए 'क्रिकेट के भगवान', देखें सचिन तेंदुलकर के 53 ऐतिहासिक रिकॉर्ड