Australia Cricketer Nikhil Chaudhary: क्रिकेट में किस्मत कब और कैसे करवट ले ले, इसका ताजा उदाहरण निखिल चौधरी हैं. दिल्ली में जन्मे और भारत में घरेलू क्रिकेट खेलने वाले निखिल अब ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन गए हैं. ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए ट्रेविस हेड के स्थान पर उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया है. यह पहली बार है जब निखिल को ऑस्ट्रेलियाई राष्ट्रीय टीम से बुलावा मिला है. खास बात यह है कि उनके पास अभी तक ऑस्ट्रेलिया की स्थायी नागरिकता भी नहीं है, लेकिन फिर भी वह कंगारू टीम के लिए खेलने के पात्र हैं.
पंजाब के लिए खेल चुके हैं घरेलू क्रिकेट
4 मई 1996 को दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत भारत में की थी. वह घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. साल 2017 से 2019 के बीच उन्होंने पंजाब के लिए कुल 14 मुकाबले खेले, जिनमें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 12 और विजय हजारे ट्रॉफी के 2 मैच शामिल हैं. हालांकि भारतीय क्रिकेट में उन्हें ज्यादा अवसर नहीं मिले, लेकिन उनकी क्रिकेट यात्रा यहीं खत्म नहीं हुई. आगे चलकर उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया जिसने उन्हें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दरवाजे तक पहुंचा दिया.
कोरोना महामारी ने बदल दी जिंदगी
निखिल 2020 में अपने चाचा से मिलने ऑस्ट्रेलिया गए थे, जो क्वींसलैंड में रहते हैं. उसी दौरान दुनिया कोरोना महामारी की चपेट में आ गई और ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद कर दीं. नतीजतन निखिल को वहीं रुकना पड़ा. शुरुआत में यह मजबूरी थी, लेकिन बाद में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही अपना क्रिकेट करियर आगे बढ़ाने का फैसला किया. फिलहाल उनके पास ऑस्ट्रेलिया का अस्थायी वीजा है, जिसकी वैधता 2027 तक है. इसी दौरान उन्होंने स्थानीय क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा.
कैसे मिली राष्ट्रीय टीम में जगह?
कई लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि जब निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं तो उन्हें राष्ट्रीय टीम में कैसे चुना गया. दरअसल, आईसीसी के नियम नागरिकता से ज्यादा निवास अवधि को महत्व देते हैं. किसी खिलाड़ी ने यदि किसी देश में निर्धारित समय तक लगातार निवास किया हो और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करता हो तो वह उस देश की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर सकता है. निखिल पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं, इसलिए वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के योग्य हैं.
बिग बैश में प्रदर्शन का मिला इनाम
निखिल चौधरी ने हाल ही में होबार्ट हरिकेंस के लिए बिग बैश लीग 2025-26 में शानदार बल्लेबाजी की थी. उन्होंने 11 पारियों में 307 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की. हालांकि गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा और चार मैचों में गेंदबाजी करने के बावजूद उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उनकी ऑलराउंड क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए उन्हें मौका दिया है. अब बांग्लादेश के खिलाफ 17, 19 और 21 जून को होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में सभी की निगाहें इस भारतीय मूल के खिलाड़ी पर रहेंगी, जो ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में अपना अंतरराष्ट्रीय सपना पूरा करने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.
ये भी पढ़ें: भारत में महिला क्रिकेट का गोल्डन दौर! बना 5,000 करोड़ का कारोबार, WPL और ब्रांड डील्स ने बदली तस्वीर