WPL 2026 RCB vs MI: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की शुरुआत बेहद रोमांचक मुकाबले से हुई. टूर्नामेंट का पहला मैच 9 जनवरी (शुक्रवार) को मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला गया. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में RCB ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल करते हुए मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से शिकस्त दी.
RCB को जीत के लिए 155 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने जबरदस्त दबाव के बीच अंतिम गेंद पर पूरा किया. इस जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर नादिन डिक्लर्क, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख पलट दिया.
🚨TATA WPL 2026 | MI vs RCB – THRILLER ALERT!🚨
— Abhisek Gupta (@ABHISTRONG) January 9, 2026
Nadine de Klerk turns the heat on with a sensational half-century off 42 balls🔥
Ice in her veins, power in her shots-the big finisher stands tall on *59(43)
2 runs needed off the final ball… This is WPL drama at its absolute best! pic.twitter.com/DdiZ1mDNjn
अंतिम ओवर में नादिन डिक्लर्क का धमाका
मैच का आखिरी ओवर नेट साइवर-ब्रंट ने फेंका और RCB को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे. ओवर की पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बना, जिससे दबाव और बढ़ गया. इसके बाद नादिन डिक्लर्क ने हालात को पूरी तरह बदल दिया.
उन्होंने लगातार छक्का, चौका, छक्का और चौका जड़ते हुए RCB को यादगार जीत दिला दी. डिक्लर्क ने 44 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे. इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
RCB की पारी: मजबूत शुरुआत, फिर लड़खड़ाहट
लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की शुरुआत शानदार रही. कप्तान स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने मिलकर सिर्फ 3.5 ओवरों में 40 रन जोड़ दिए. हालांकि, यह साझेदारी ज्यादा देर टिक नहीं सकी. शबनम इस्माइल ने स्मृति मंधाना को 18 रन पर आउट कर RCB की रफ्तार पर ब्रेक लगाया.
इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट ने ग्रेस हैरिस को 25 रन पर पवेलियन भेज दिया. मिडिल ऑर्डर पूरी तरह बिखर गया. डी. हेमलता (7), राधा यादव (6) और ऋचा घोष (1) जल्दी आउट हो गईं. एक समय RCB का स्कोर 65/5 था और मैच मुंबई की पकड़ में नजर आ रहा था.
डिक्लर्क और अरुंधति की अहम साझेदारी
पांच विकेट गिरने के बाद नादिन डिक्लर्क और अरुंधति रेड्डी ने छठे विकेट के लिए 52 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. निकोला कैरी ने अरुंधति रेड्डी (20 रन) और फिर श्रेयंका पाटिल (1 रन) को आउट कर मुकाबले में फिर से रोमांच भर दिया. इसके बाद डिक्लर्क ने अकेले दम पर मोर्चा संभालते हुए मैच को आखिरी गेंद तक ले जाकर RCB की जीत सुनिश्चित की.
मुंबई इंडियंस की पारी: अंत में तेज रन, लेकिन नाकाफी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट पर 154 रन बनाए. उनकी शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 35 रन तक एमेलिया केर (4) और नेट साइवर-ब्रंट (4) जैसे बड़े विकेट गंवा दिए. केर को लॉरेन बेल और साइवर-ब्रंट को नादिन डिक्लर्क ने आउट किया.
क्रीज पर जमी हुई जी कमलिनी भी श्रेयंका पाटिल की गेंद पर बोल्ड हो गईं. उन्होंने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए. कप्तान हरमनप्रीत कौर भी कुछ खास नहीं कर सकीं और 20 रन बनाकर डिक्लर्क का शिकार बनीं.
सजना और कैरी ने संभाली MI की पारी
मुश्किल हालात में सजीवन सजना और निकोला कैरी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी कर मुंबई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. सजना ने 25 गेंदों पर 45 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा.
निकोला कैरी ने 29 गेंदों पर 40 रन बनाए. हालांकि, दोनों बल्लेबाजों को भी नादिन डिक्लर्क ने ही आउट किया. डिक्लर्क ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए मुकाबले में 4 विकेट अपने नाम किए.
ये भी पढ़ें- ख्वाजा आसिफ ने अमेरिका से की ऐसी मांग, जिसे सुन कर गुस्से से लाल हो जाएंगे नेतन्याहू; जानें पूरा मामला