लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का बटन दबाकर लोकार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण किया. पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा आज लखनऊ को एक नया प्रेरणा स्थल प्राप्त हुआ है. यह हमारे लिए आत्मसम्मान, गौरव और सेवा का प्रतीक है. यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल हमें संदेश देता है कि हमारा हर कदम हर प्रयास राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित है. सबका प्रयास ही विकसित भारत का निर्माण करेगा. मैं लखनऊ, उत्तर प्रदेश और पूरे देश को राष्ट्र प्रेरणा स्थल की बधाई देता हूं.
पीएम मोदी ने जनसंघ नेता दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया. आज देश के करोड़ों नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. यही तो सच्चा सेकुलरिज्म है. देश के हर नागरिक को सम्मान मिल रहा है. बीते एक दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है.
"अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा. दशकों तक देश में गरीबी हटाने को ही सुशासन मान लिया गया था. देश में टेलीकॉम सेक्टर के विकास में अटल जी की नीतियां काम आई हैं. अटल जी की सरकार में ही गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने का काम शुरू हुआ था. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश के गांवों में आठ लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ. बीते 11 साल में चार लाख किलोमीटर सड़कों का ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण हुआ. आज पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है. यूपी एक्सप्रेसवे बनाने में नाम कमा रहा है. अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की. मेट्रो नेटवर्क लोगों की जिंदगी आसान बना रही है.
उन्होंने कहा 2014 से पहले देश की हर योजना में, किताबों में और हर शहर में एक ही परिवार का गौरवगान किया जाता था. हर अच्छे काम को एक ही परिवार से जोड़ने की सोच रही. सड़क हो या मूर्तियां एक ही परिवार के लोगों की थीं. भाजपा ने देश को एक परिवार पर केंद्रित राजनीति से बाहर निकाला. उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाएं अब कई जगहों पर लगी हुई हैं. दिल्ली के शाही परिवार ने आंबेडकर के योगदान को मिटाने का पाप किया. यही काम प्रदेश में सपा ने भी किया. सपा और कांग्रेस के लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत को मिटाने का पाप किया और उनका अपमान किया.
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि 2014 से पहले भाजपा को अछूत माना गया. जबकि हमारी सरकार ने कांग्रेस नेता रहे और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न देकर सम्मानित किया. मुलायम सिंह यादव को सम्मानित किया. हमारे संस्कार किसी का अपमान करने के नहीं हैं. हमने सभी को सम्मान दिया है. उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज यूपी की पहचान बदल रही है. अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो चुका है. प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
"हमारी सरकार को 370 की दीवार गिराने का मौका मिला"
इसके अलावा उन्होंने कहा कि कश्मीर में ये व्यवस्था भारत की अखंडता के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी. भाजपा को गर्व है कि हमारी सरकार को आर्टिकल 370 की दीवार गिराने का अवसर मिला. आज भारत का संविधान जम्मू कश्मीर में भी पूरी तरह लागू है. साथियों स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप में डॉ मुखर्जी ने भारत में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नींव रखी थी. उन्होंने देश को पहली औद्योगिक नीति दी थी. यानी भारत में औद्योगीकरण की बुनियाद रखी थी. आज आत्मनिर्भरता के उसी मंत्र को हम नई बुलंदी दे रहे हैं. मेड इन इंडिया सामान आज दुनिया भर में पहुंच रहा है.
ये भी पढ़ें: क्रिसमस पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे पीएम मोदी, प्रेयर में हुए शामिल, राहुल गांधी ने भी दी बधाई, VIDEO