Ishan Kishan Comeback: भारतीय टीम की टी20 विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का अहम योगदान रहा. इस टूर्नामेंट से पहले उनके नाम की टीम में ज्यादा चर्चा नहीं थी, लेकिन मौका मिलने पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को साबित कर दिया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत की जीत के बाद ईशान किशन ने खुलासा किया कि टीम में उनकी एंट्री किस तरह हुई और कप्तान सूर्यकुमार यादव के एक फोन कॉल ने उनकी किस्मत बदल दी.
सूर्यकुमार यादव के फोन से मिली टीम में जगह
ईशान किशन ने बताया कि जब टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा होने वाली थी, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव का उन्हें फोन आया था. उस कॉल में सूर्यकुमार ने उनसे सिर्फ एक सवाल पूछा था. ईशान के मुताबिक, सूर्यकुमार ने सीधे पूछा, “क्या तुम विश्व कप जिताओगे?” इसके जवाब में ईशान ने भी उनसे एक सवाल किया, “क्या आप मुझ पर भरोसा करेंगे?”
सूर्यकुमार ने तुरंत “हां” कहा और यही छोटी सी बातचीत यहीं खत्म हो गई. इसके बाद ईशान किशन को टीम में मौका मिला और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने प्रतियोगिता में कुल 241 रन बनाए, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में खेली गई शानदार अर्धशतकीय पारी भी शामिल रही.
निजी दुख के बीच खेला बड़ा मैच
हालांकि फाइनल मुकाबले से पहले ईशान किशन के लिए समय काफी मुश्किल था. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्हें अपनी रिश्ते की बहन की कार दुर्घटना में मौत की खबर मिली थी.
यह खबर उनके लिए बेहद दुखद थी और फाइनल जैसे बड़े मुकाबले से पहले वह भावनात्मक रूप से काफी परेशान थे. ईशान ने कहा कि मैच से पहले वह इस बारे में बात करने के बारे में सोच भी नहीं रहे थे, लेकिन यह घटना उनके मन में लगातार चल रही थी.
बहन की याद में बनाई बड़ी पारी
ईशान किशन ने बताया कि उनकी बहन हमेशा चाहती थीं कि वह क्रिकेट में खूब रन बनाएं. इसी वजह से उन्होंने अपने दुख को ताकत में बदलने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि फाइनल से एक दिन पहले वह अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे, लेकिन उन्हें पता था कि यह एक बड़ा मैच है. इसलिए उन्होंने सोचा कि अपनी भावनाओं में उलझने के बजाय सबसे अच्छा तरीका यही है कि वह मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करें और रन बनाएं.
अर्धशतक के बाद आसमान की ओर देखा
फाइनल में अर्धशतक पूरा करने के बाद ईशान किशन ने आसमान की ओर देखकर अपनी दिवंगत बहन को याद किया. उन्होंने कहा कि वह पल उनके लिए बेहद भावुक था और उन्हें खुशी थी कि वह उनके लिए यह कर पाए.
ईशान ने कहा कि टीम की जीत पर उन्हें गर्व है, लेकिन साथ ही उन्हें अपनी बहन के परिवार के लिए दुख भी है. उन्होंने बताया कि उनके करीबी दोस्त इस कठिन समय में परिवार का ख्याल रख रहे हैं. टी20 विश्व कप 2026 में ईशान किशन की यह कहानी सिर्फ शानदार प्रदर्शन की नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी मजबूत बने रहने की मिसाल बन गई.
ये भी पढ़ें- भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हथियार खरीदार, कौन से देश हैं सबसे बड़े सप्लायर? रिपोर्ट में खुलासा