जय शाह के अलावा कौन हैं वो तीन लोग, जिन्होंने सूर्यकुमार यादव को बनाया कप्तान? SKY ने खुद बताई कहानी

Suryakumar Yadav T20 Captain: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया. इस जीत के साथ सूर्या भारत को टी20 विश्व कप जिताने वाले तीसरे कप्तान बन गए.

Cricket Apart from Jai Shah who are the three people who made Suryakumar Yadav the captain
Image Source: ANI

Suryakumar Yadav T20 Captain: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया. इस जीत के साथ सूर्या भारत को टी20 विश्व कप जिताने वाले तीसरे कप्तान बन गए. उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने यह उपलब्धि हासिल की थी.

जब सूर्या को टी20 टीम का कप्तान बनाया गया, तो यह फैसला कई लोगों के लिए थोड़ा हैरान करने वाला था. क्योंकि उस समय रोहित शर्मा कप्तान थे और सूर्यकुमार यादव टीम के उप-कप्तान भी नहीं थे. कई लोगों ने यह भी सोचा कि गौतम गंभीर के साथ उनके पहले के संबंधों की वजह से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली होगी, लेकिन असली कहानी कुछ और ही निकली.

इन 4 लोगों ने जताया भरोसा

खुद सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्हें कप्तान बनाने के पीछे चार बड़े नामों का भरोसा था. इसमें जय शाह, अजीत अगरकर, राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा शामिल थे. सूर्या ने बताया कि श्रीलंका सीरीज से कुछ दिन पहले जय शाह का उन्हें फोन आया था, जिसमें उन्हें बताया गया कि आगे के लिए उन्हें टी20 टीम का कप्तान बनाया जाएगा.

कैसे हुआ फैसला?

सूर्यकुमार के मुताबिक, उन्हें पहले से अंदाजा था कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया. उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और अजीत अगरकर ने इस पर पहले ही प्लान बना लिया था. बाद में राहुल द्रविड़ और बाकी लोगों से चर्चा के बाद यह तय हुआ कि सूर्या ही टीम की कप्तानी संभालेंगे. उन्होंने यह भी साफ किया कि गौतम गंभीर इस फैसले में बाद में जुड़े, शुरुआत में उनका रोल नहीं था.

कप्तान के रूप में शानदार रिकॉर्ड

अगर सूर्यकुमार यादव के कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें, तो वह काफी शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 52 मैचों में से 42 में जीत हासिल की है, जो 80 प्रतिशत से ज्यादा का जीत प्रतिशत है. इतना ही नहीं, उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने एक भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं हारी है. यह दिखाता है कि उन्होंने कप्तान के रूप में खुद को साबित किया है.

लगातार बना रहे हैं नया इतिहास

35 साल के सूर्यकुमार यादव लगातार अपनी कप्तानी से नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. टी20 में सबसे ज्यादा जीत के मामले में वह रोहित शर्मा के काफी करीब पहुंच चुके हैं और सिर्फ कुछ ही जीत दूर हैं. कुल मिलाकर, सूर्या का कप्तान बनना भले ही शुरुआत में चौंकाने वाला लगा हो, लेकिन आज उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि यह फैसला सही था.

ये भी पढ़ें- लारीजानी और सुलेमानी के खात्मे के बाद IDF के रडार पर मोजतबा, सर्वोच्च नेता को लेकर इजरायल ने कर दिया बड़ा ऐलान